Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Feb, 2026 10:48 PM

सोने के बदले कर्ज देने वाली प्रमुख एनबीएफसी मुथूट फाइनेंस ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में जोरदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर लगभग दोगुना हो गया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। नतीजों के बाद गुरुवार...
नेशनल डेस्क : सोने के बदले कर्ज देने वाली प्रमुख एनबीएफसी मुथूट फाइनेंस ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में जोरदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर लगभग दोगुना हो गया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। नतीजों के बाद गुरुवार को कंपनी का शेयर 3.48 फीसदी उछलकर 4,070 रुपये पर बंद हुआ।
तिमाही मुनाफे में 95% की छलांग
31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ 2,656.42 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 1,363.09 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी ने सालाना आधार पर 95 फीसदी की प्रभावशाली बढ़ोतरी दर्ज की है।
ब्याज आय और कुल आमदनी में तेज वृद्धि
कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी मजबूत रही। यह 64 प्रतिशत बढ़कर 4,467.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 2,721.37 करोड़ रुपये थी। कुल आय भी उल्लेखनीय रूप से बढ़कर 7,262.94 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 4,431.16 करोड़ रुपये थी।
एयूएम ने बनाया नया रिकॉर्ड
मुथूट फाइनेंस की लोन एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 31 दिसंबर 2025 तक बढ़कर 1,47,552 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष 97,487 करोड़ रुपये थी। इस तरह कंपनी ने 51 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉर्ज अलेक्जेंडर मुथूट के मुताबिक, स्टैंडअलोन लोन एयूएम में 50,065 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसमें मुख्य योगदान गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का रहा, जिसमें करीब 50 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि देखने को मिली।
नौ महीने में भी मजबूत ग्रोथ
वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में कंपनी के स्टैंडअलोन गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में 36,702 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 1,39,658 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसी अवधि में कंपनी का कर पश्चात लाभ 91 प्रतिशत बढ़कर 7,048 करोड़ रुपये हो गया।