Edited By Anu Malhotra,Updated: 11 Feb, 2026 06:46 PM

आजकल अपना घर खरीदना हर किसी की सबसे बड़ी ख्वाहिश होती है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई ने इसे काफी चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी अब मकानों की कीमतें काफी ऊंची हो गई हैं, जहां 1 करोड़ रुपये का घर मिलना एक आम बात हो गई...
नेशनल डेस्क: आजकल अपना घर खरीदना हर किसी की सबसे बड़ी ख्वाहिश होती है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई ने इसे काफी चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी अब मकानों की कीमतें काफी ऊंची हो गई हैं, जहां 1 करोड़ रुपये का घर मिलना एक आम बात हो गई है। इतनी बड़ी रकम का इंतजाम एक साथ करना मुश्किल होता है, इसलिए ज्यादातर लोग बैंक से होम लोन लेने का विकल्प चुनते हैं। हालांकि, लोन लेने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति और आमदनी का सही आंकलन करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किस्तें (EMI) आपके लिए बोझ न बन जाएं।
शुरुआती पूंजी और Down Payment का गणित
जब आप 1 करोड़ रुपये का मकान खरीदने निकलते हैं, तो बैंक आपको पूरी रकम उधार नहीं देता। नियम के अनुसार, बैंक घर की कीमत का अधिकतम 80 प्रतिशत हिस्सा ही लोन के तौर पर फाइनेंस करते हैं। इसका मतलब है कि आपको लगभग 20 लाख रुपये अपनी बचत से 'Down Payment' के रूप में देने होंगे। सिर्फ इतना ही नहीं, प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए रजिस्ट्री, स्टांप ड्यूटी और वकील की फीस जैसे अन्य कानूनी कामों में भी करीब 5 से 7 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है। यानी 1 करोड़ का घर लेने के लिए आपके पास शुरुआत में ही कम से कम 25 से 27 लाख रुपये नकद होने चाहिए।
लोन की किस्त और ब्याज का बोझ
अगर आप बचा हुआ 80 लाख रुपये का अमाउंट बैंक से लोन लेते हैं, तो उसकी मासिक किस्त आपकी चुनी गई ब्याज दर और समय सीमा पर निर्भर करेगी। बाजार में फिलहाल होम लोन की दरें 7 से 8 प्रतिशत के आसपास चल रही हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि आप 80 लाख रुपये का कर्ज 30 सालों के लिए 8 फीसदी ब्याज दर पर लेते हैं, तो आपको हर महीने बैंक को करीब 58,701 रुपये की किस्त (EMI) चुकानी होगी। समय के साथ ब्याज दरों में बदलाव होने पर इस किस्त की राशि में भी फेरबदल हो सकता है।
कितनी आमदनी होने पर ही लें ऐसा घर
वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि घर की किस्त का भुगतान सुखद तभी रहता है जब वह आपकी कुल मासिक कमाई के 30 प्रतिशत से अधिक न हो। यदि आपकी मंथली EMI लगभग 59 हजार रुपये आ रही है, तो घर के बाकी खर्चों और भविष्य की बचत को ध्यान में रखते हुए आपकी महीने की सैलरी कम से कम 2 लाख रुपये होनी चाहिए। इतनी आय होने पर ही आप बिना किसी तनाव के होम लोन का भुगतान कर पाएंगे और अपनी जीवनशैली को भी बरकरार रख पाएंगे। बिना ठोस वित्तीय प्लानिंग के इतना बड़ा कर्ज लेना बाद में आपके मानसिक और आर्थिक सुकून को प्रभावित कर सकता है।