पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति ने जमकर की PM मोदी की तारीफ; बोले-उन्होंने भारत को दुनिया की ताकत बनाया, फिर भी हो रहीं उन्हें गिराने की कोशिशें

Edited By Updated: 08 Oct, 2026 02:45 PM

trying to tear him down ex serbian president flags bid to undermine pm modi

पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर बड़ी ताकत बनाया है। वुचिच ने दावा किया कि इसके बावजूद मोदी को कमजोर करने और गिराने की कोशिशें हो रही हैं। हालांकि...

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के मौके पर पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच का एक बयान चर्चा में है। वुचिच ने मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को दुनिया के मंच पर एक बड़ी ताकत बनाया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी को कमजोर करने और उन्हें गिराने की कोशिशें की जा रही हैं। वुचिच की ये टिप्पणियां एक पॉडकास्ट के दौरान सामने आईं और बुधवार को उनका वीडियो तेजी से चर्चा में आ गया। उन्होंने दुनिया के कई नेताओं को कमजोर करने की कोशिशों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को इसका उदाहरण बताया।

 

‘मोदी ने भारत को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया’
पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत की वैश्विक स्थिति को काफी मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को दुनिया के मंच पर महत्वपूर्ण शक्ति बनाया और उनके नेतृत्व में देश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। वुचिच ने कहा, “आपके पास नरेंद्र मोदी जैसा नेता है। अब उन्हें कमजोर करने की कोशिश हो रही है। मोदी ने भारत को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वह महात्मा गांधी की शिक्षाओं का पालन करने की कोशिश करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि भारत दुनिया के मंच पर इतना महत्वपूर्ण और प्रभावशाली देश बना है, इसमें मोदी की भूमिका बड़ी है। हालांकि, वुचिच ने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रधानमंत्री को कमजोर करने की कोशिशों के पीछे कौन है और उनका इशारा किन ताकतों की ओर था।

 

‘उन्हें नाकाम बताकर गिराने की कोशिश’
वुचिच ने कहा कि मोदी ने बहुत बड़े काम किए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह कहकर निशाना बनाया जाता है कि वह असफल रहे हैं या उन्होंने कुछ नहीं किया। उनके मुताबिक, दुनिया के कई नेताओं के साथ ऐसा करने का एक चलन बन गया है। भाजपा ने वुचिच के बयान को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए वैश्विक समर्थन के तौर पर पेश किया। भाजपा ने कहा कि जब दुनिया के नेता भारत और उसके प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह बोलते हैं तो यह बताता है कि मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत को दुनिया महसूस कर रही है। भाजपा नेताओं ने भी वुचिच के बयान को साझा किया और इसे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अस्थिरता पैदा करने तथा उन्हें कमजोर करने की कोशिशों के संदर्भ में पेश किया।

 

25 साल पूरे होने पर वुचिच ने दी मोदी को बधाई
वुचिच ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग यह कह सकते हैं कि उन्होंने अपने देश की सेवा में एक चौथाई सदी समर्पित की है। उन्होंने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वह जानते हैं कि मोदी भारत और उसके भविष्य को लेकर कितनी गहरी चिंता रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया देख सकती है कि मोदी ने भारत को कितनी ऊंचाई तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री मोदी और वुचिच की इस साल फरवरी में एआई प्रभाव सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं ने रक्षा और विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की थी। दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले वुचिच 2017 में वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन में शामिल हुए थे। भारत और सर्बिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में दोनों नेताओं की व्यक्तिगत बातचीत भी महत्वपूर्ण रही है।

 

मोदी ने 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य दोहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर देशवासियों से ‘हम करके रहेंगे’ की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए चार बड़े संकल्पों पर जोर दिया। इनमें भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना, देश को आत्मनिर्भर वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाना, भारत को ओलंपिक की मेजबानी के दावेदार के रूप में स्थापित करना और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की मौजूदगी का विस्तार करना शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने ओलंपिक की मेजबानी और अंतरिक्ष में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए भी इसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!