Edited By Anu Malhotra,Updated: 24 Oct, 2026 10:11 AM

गुजरात के सूरत स्थित वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (VNSGU) ने छात्रों की सुरक्षा और आत्महत्या के प्रयासों को रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने अपने 9 हॉस्टलों में कुल 388 'एंटी-सुसाइड' सीलिंग फैन लगाए हैं।
सूरत: गुजरात के सूरत स्थित वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (VNSGU) ने छात्रों की सुरक्षा और आत्महत्या के प्रयासों को रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने अपने 9 हॉस्टलों में कुल 388 'एंटी-सुसाइड' सीलिंग फैन लगाए हैं।
खासियत और काम करने का तरीका
इन विशेष पंखों में एक स्प्रिंग-आधारित सेफ्टी मैकेनिज्म दिया गया है। जैसे ही पंखे पर 10 किलोग्राम से ज़्यादा वज़न पड़ता है, यह मैकेनिज्म सक्रिय हो जाता है, जिससे पंखा नीचे की ओर झुक जाता है और साथ ही बिजली की सप्लाई भी कट जाती है।
यह पहल विश्वविद्यालय के कुल नौ हॉस्टलों में की गई है, जिसमें पाँच गर्ल्स हॉस्टल और चार बॉयज़ हॉस्टल शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, गर्ल्स हॉस्टल में 170 और बॉयज़ हॉस्टल में 218 एंटी-सुसाइड पंखे लगाए गए हैं। हर एक पंखे की कीमत 2,500 रुपये से ज़्यादा है।
वीएनएसजीयू के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा ने बताया कि हालांकि उनके कैंपस में अभी तक ऐसी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है, लेकिन दूसरे विश्वविद्यालयों में सामने आए मामलों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा, "हम ऐसी घटनाओं को रोकना चाहते हैं।"
कुलपति ने छात्रों से अपील की कि वे परीक्षा को लेकर ज्यादा तनाव न लें। उन्होंने जानकारी दी कि छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय एक से अधिक बार (चाहे 6 बार हो या 12 बार से ज्यादा) परीक्षाएं आयोजित करता है ताकि किसी भी छात्र को अकादमिक दबाव के कारण गलत कदम न उठाना पड़े।
विशेषज्ञों का मानना है कि बुनियादी ढांचे में यह बदलाव सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत जरूर जोड़ता है, लेकिन इसके साथ ही छात्रों के लिए काउंसलिंग और समय पर मिलने वाली मानसिक स्वास्थ्य सहायता भी उतनी ही जरूरी है।