Edited By Mehak,Updated: 20 Feb, 2026 05:30 PM

स्मार्टफोन का “एक्सपायर” होना मतलब है कि कंपनी से अब उसमें सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलते। ऐसे फोन की सुरक्षा कमजोर हो जाती है और हैकर्स उन्हें आसानी से निशाना बना सकते हैं। एक्सपायर फोन से OTP, बैंकिंग डेटा, फोटो और निजी फाइल्स चुराई जा...
नेशनल डेस्क : आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग का साधन नहीं, बल्कि बैंकिंग, सोशल मीडिया, फोटो, दस्तावेज और निजी जानकारी का पूरा खजाना बन चुका है। ऐसे में अगर आपका फोन 'एक्सपायर' हो गया है, तो यह आपके लिए खतरे की घंटी हो सकती है। साइबर अपराधी और हैकर्स खासतौर पर ऐसे ही फोनों को निशाना बनाते हैं।
क्या होता है Smartphone Expire?
स्मार्टफोन के 'एक्सपायर' होने का मतलब यह नहीं है कि वह अचानक बंद हो जाएगा। इसका अर्थ है कि कंपनी की ओर से उस फोन को अब सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट मिलना बंद हो गए हैं। जब कोई कंपनी नया फोन लॉन्च करती है, तो वह बताती है कि उसे कितने साल तक एंड्रॉयड/आईओएस अपडेट और सिक्योरिटी पैच मिलेंगे—जैसे 3, 5 या 7 साल। तय समय पूरा होने के बाद फोन को नए सुरक्षा अपडेट नहीं मिलते।
क्यों खतरनाक है बिना अपडेट वाला फोन?
सिक्योरिटी अपडेट्स का काम फोन में मौजूद कमजोरियों (Security Vulnerabilities) को ठीक करना होता है। जैसे ही अपडेट मिलना बंद होते हैं, फोन की सुरक्षा कमजोर पड़ने लगती है।
हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर :
- फोन में वायरस या मैलवेयर डाल सकते हैं
- बैंकिंग ऐप्स तक पहुंच बना सकते हैं
- OTP और मैसेज पढ़ सकते हैं
- निजी फोटो और दस्तावेज चुरा सकते हैं
- सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर सकते हैं
यानि आपका डेटा और पैसा दोनों खतरे में आ सकते हैं।
कैसे पहचानें कि आपका फोन एक्सपायर हो चुका है?
- कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने मॉडल की अपडेट पॉलिसी देखें
- फोन की सेटिंग्स में “Software Update” सेक्शन चेक करें
- अगर लंबे समय से कोई सिक्योरिटी अपडेट नहीं आया है, तो यह संकेत हो सकता है
बचाव के लिए क्या करें?
1. समय पर फोन बदलें – जैसे ही सिक्योरिटी अपडेट मिलना बंद हो जाए, नया फोन लेने पर विचार करें।
2. केवल आधिकारिक ऐप्स इंस्टॉल करें – गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर के बाहर से ऐप डाउनलोड न करें।
3. दो-स्तरीय सुरक्षा (2FA) चालू रखें – बैंकिंग और सोशल मीडिया ऐप्स में।
4. मजबूत पासवर्ड रखें – और समय-समय पर बदलते रहें।
5. अनजान लिंक पर क्लिक न करें – फिशिंग मैसेज से सावधान रहें।