Edited By Sahil Kumar,Updated: 16 Feb, 2026 07:46 PM

उत्तर भारत में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 18 फरवरी तक सात राज्यों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी...
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 18 फरवरी तक सात राज्यों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है। देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में अचानक वृद्धि के कारण ठंड का एहसास अब केवल सुबह और शाम के समय ही होगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के मौसम में तेज बदलाव देखने को मिल सकता है।
देशभर का मौसम का हाल
विभाग की जानकारी के मुताबिक, 17 से 19 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।निकॉबार द्वीप समूह में 17 फरवरी को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश के साथ तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी है।
उत्तर प्रदेश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी जिलों में 17 और 18 फरवरी को मौसम का मिजाज बदल जाएगा। पारा अगले दो-तीन दिनों में 2°C तक बढ़ सकता है। कुछ जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 17 और 18 फरवरी को बारिश हो सकती है। शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर
16 और 17 फरवरी को श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान
राजस्थान में मौसम सामान्य रहेगा। लेकिन उत्तरी जिलों हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। 17 फरवरी को प्रदेश का मौसम सामान्य रहेगा।
बिहार
बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा और सुबह-शाम ठंड का असर देखने को मिल सकता है।