Edited By Radhika,Updated: 30 Mar, 2026 12:07 PM

उत्तर भारत के राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने के लिए तैयार है। चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी के बीच सक्रिय हुए 'पश्चिमी विक्षोभ' ने पूरे क्षेत्र में उतार-चढ़ाव की स्थिति पैदा कर दी है। IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों...
नेशनल डेस्क : उत्तर भारत के राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने के लिए तैयार है। चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी के बीच सक्रिय हुए 'पश्चिमी विक्षोभ' ने पूरे क्षेत्र में उतार-चढ़ाव की स्थिति पैदा कर दी है। IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के लिए बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
दिल्ली में बीते कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने से तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इसी बीच IMD ने सोमवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) की संभावना जताते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।

पहाड़ों पर बर्फबारी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों, विशेषकर कुल्लू और लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल के आसपास के इलाकों में भी सफेद चादर बिछ गई है। मौसम कार्यालय ने मंडी, कुल्लू और शिमला जैसे जिलों में भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। राज्य में यह स्थिति 4 अप्रैल तक बनी रह सकती है।
पंजाब में सुहावना होगा मौसम
पंजाब और हरियाणा के कई जिलों (जैसे लुधियाना, पटियाला, अंबाला और गुरुग्राम) में रविवार को हुई बारिश ने तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है। अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
किसानों के लिए चिंता की बात
इस बारिश से जहां आम जनता को राहत मिलेगी, वहीं किसानों के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल को लेकर किसान बेहद चिंतित हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश के साथ तेज हवाएं और ओले गिरते हैं, तो फसल गिर सकती है, जिससे पैदावार को भारी नुकसान पहुंच सकता है।

आगामी पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, 2 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे आने वाले सप्ताह में मौसम का मिजाज और भी बदल सकता है।