मुआवजे के चैक लेकर किसानों ने कहा- पंजाब सरकार इतनी जल्द मदद करेगी सोचा न था

Edited By rajesh kumar,Updated: 14 Apr, 2023 06:05 PM

check of compensation farmers said did not punjab government help soon

कुदरती आपदाओं के कारण किसानों पर समय-समय पर कहर बरपता रहा है। पिछली सरकारों के समय मुआवजा राशि के लिए किसानों को साल-दो साल तक भटकना पड़ता रहा लेकिन अब ‘आप’ की सरकार ने मुआवजा राशि  जारी करने में जो पहलकदमी की है वह काबिले तारीफ है।

अबोहर/फाजिल्का (विशेष): कुदरती आपदाओं के कारण किसानों पर समय-समय पर कहर बरपता रहा है। पिछली सरकारों के समय मुआवजा राशि के लिए किसानों को साल-दो साल तक भटकना पड़ता रहा लेकिन अब ‘आप’ की सरकार ने मुआवजा राशि  जारी करने में जो पहलकदमी की है वह काबिले तारीफ है। मार्च महीने के दौरान हुई मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि के कारण फसलों को जो क्षति पहुंची, उसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा तुरंत प्रभाव से गिरदावरी करवाने के आदेश जारी किए गए। प्रशासन ने इन आदेशों को गंभीरता से लेते हुए कुदरती आपदा के मात्र कुछ दिनों बाद ही गिरदावरी का कार्य सम्पूर्ण कर लिया। 

इसी क्रम में किसानों को मुआवजा राशि जारी करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों पर अबोहर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री से चैक प्राप्त करके स्टेज से नीचे उतर रहे लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि कभी सोचा भी नहीं था कि पंजाब सरकार इतनी जल्द मदद करेगी व उन्हें मुआवजा राशि मिल पाएगी। फाजिल्का जिले के गांव बकैनवाला में आए टारनेडो (चक्रवती तूफान) ने पिछले दिनों भारी तबाही मचाते हुए फसलों को तहस-नहस कर दिया था। इस दौरान बागों में लगी किन्नुओं की फसल बुरी तरह से प्रभावित हुई थी। वहीं तूफान के चलते अनेक घर तबाह हुए थे। सरकार द्वारा इन सभी प्रभावित लोगों के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया गया।

गांव के निवासी विनोद कुमार को जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 1.20 लाख रुपए का चैक दिया तो वह अपनी भावनाओं को नहीं रोक सके। उक्त व्यक्ति ने प्रोटोकाल तोड़ते हुए माइक पर बोलने की गुजारिश की व कहा कि सरकार ने 19 दिनों के भीतर मुआवजा राशि वितरित करके जो इतिहास रचा है वह काबिले तारीफ है। विनोद ने कहा कि पिछली किसी भी सरकार ने इतने कम समय के भीतर मुआवजा राशि जारी करने के प्रति कदम नहीं उठाया। गांव के सरपंच हरजिंद्र सिंह ने कहा कि पीड़ित लोगों को डी.बी.टी. के जरिए राशि उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई है जिसके चलते किसानों को चैक कैश करवाने के लिए इधर-उधर भटकने की कोई तकलीफ नहीं हुई। उन्होंने कहा कि राशि प्राप्त करने वाले किसानों द्वारा सरकार का धन्यवाद किया जा रहा है। 

सुरजीत कौर ने कहा कि मकान के नुक्सान पर सरकार द्वारा जारी किया गया 1.20 लाख रुपए का चैक मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें भेंट किया गया जिससे वह राहत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में गिरदावरी करने के बाद प्रशासन ने जल्द राशि देेने के बारे कहा था लेकिन इलाका निवासियों को यह उम्मीद नहीं थी कि 19 दिनों के भीतर मुआवजा राशि जारी कर दी जाएगी। लाभ प्राप्त करने वाले जगदीश कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि प्रशासन द्वारा पारदर्शी ढंग से मुआवजा जारी करने के प्रति कदम उठाए गए हैं, इससे गांववासियों व किसानों को बड़ी राहत मिली है।

पंजाब सरकार से मुआवजा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर झलकी खुशी
फाजिल्का, 13 अप्रैल (विशेष): फाजिल्का के गांव बकैनवाला में पिछले दिनों आए टारनेडो ने भारी नुक्सान किया था जिसके चलते किसान बेहद प्रभावित हुए थे। पंजाब सरकार ने इस गांव के लिए मुआवजा जारी करके बड़ा कदम उठाया है।  मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अबोहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष तौर पर उपस्थित हुए व बकैनवाला गांव के प्रभावित लोगों को 1.20 लाख प्रति व्यक्ति के हिसाब से मुआवजा राशि के चैक बांटे। सरकार द्वारा चैक बांटने के तुरंत बाद लोगों को मोबाइल के जरिए मैसेज प्राप्त हुआ व राशि सीधे उनके बैंक अकाऊंट में पहुंच गई। 

लोगों ने इस मौके अपने मोबाइल दिखाते हुए खुशी व्यक्त की व मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा किए गए प्रयासों के लिए सरकार का धन्यवाद किया। बकैनवाला के जोगिंद्र सिंह ने कहा कि पिछले दिनों आए चक्रवाती तूफान के कारण उनके घर तबाह हो गए थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सरकार के आदेशों पर तूफान आने के तुरंत बाद प्रयास शुरू करते हुए घरों का निर्माण शुरू करवा दिया। अब सरकार द्वारा दी गई मुआवजा राशि से उनके नुक्सान की भरपाई हो गई है। राज सिंह ने कहा कि बकैनवाला में जो कुदरती आफत आई थी, उसके बाद पूरा परिवार सदमे में था। इलाका विधायक नरेन्द्र पाल सिंह व डी.सी. डाक्टर सेनू दुग्गल कुदरती आपदा के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे व मदद को हाथ बढ़ाया। विधायक नरेन्द्र पाल सिंह ने 83,000 रुपए व डी.सी. डा. सेनू दुग्गल ने 25,000 रुपए मदद के लिए भेजे। 

वीरपाल कौर व उसके पति जोङ्क्षगद्र सिंह ने बैंक में आई मुआवजे की राशि दिखाते हुए कहा कि सरकार द्वारा पहलकदमी करते हुए कुदरती आपदा आने के 19 दिन के भीतर मुआवजा राशि जारी करना सराहनीय प्रयास है। तूफान आने के कारण वह पूरी तरह से टूट गए थे लेकिन भगवंत मान सरकार ने उनका हाथ पकड़ते हुए इस विपदा की स्थिति में उनका साथ दिया। विनोद कुमार ने डी.बी.टी. (बैंक ट्रांसफर) के जरिए उनके खाते में आए 1.20 लाख का मैसेज दिखाते हुए कहा कि सरकार ने मकान के पुनॢनर्माण के लिए जो मदद की है वह काबिले तारीफ है।

पंजाबी किसानों को अनदेखा कर राष्ट्रीय अनाज भंडार भरना संभव नहीं
पंजाबी किसानों के बिना राष्ट्रीय अनाज भंडार भरना संभव नहीं है। भारतीय खाद्य निगम (एफ.सी.आई.) राज्य के मेहनतकश किसानों के बिना अपना अस्तित्व कायम नहीं रख सकती। भगवंत मान ने प्रण लेते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार अनाज भंडार के लिए गेहूं और धान के रूप में हमसे अनाज की सप्लाई की मांग करेगी, तब किसानों पर लगाई गई कटौती का एक-एक पैसा केंद्र से ब्याज समेत लिया जाएगा। केंद्र ने पंजाब और इसके किसानों के प्रति बेरुखी वाला रवैया अपनाया हुआ है, जिसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

मुआवजा वितरण समारोह में पारम्परिक परिधानों में पहुंची बल्लुआना हल्के की महिलाएं
अबोहर/फाजिल्क (विशेष): अबोहर की दाना मंडी में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में मुआवजा वितरण समारोह का आयोजन किया गया, इसमें बेमौसमी बरसात, ओलावृष्टि, चक्रवाती तूफान के पीड़ित लोगों को मुआवजा राशि के चैक बांटे गए। आयोजन में बल्लुआना विधानसभा हलके की महिलाएं पारम्परिक परिधानों में पहुंचीं, जिससे सामाजिक सोच में बदलाव की झलक दिखाई दी। उल्लेखनीय है कि फाजिल्का में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण देखने को मिलता है। यहां की डी.सी. डा. सेनू दुग्गल व एस.एस.पी. अवनीत कौर महिला अधिकारी हैं जोकि महिलाओं के अधिकारों को लेकर किए जाने वाले कार्यों से सुॢखयों में रहती हैं।

अबोहर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विशेष तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं से खचाखच भरे पंडाल में पारम्परिक झलक देखने को मिल रही थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महिलाएं विभिन्न वाहनों के अलावा अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए पहुंचीं।  यह पहली बार हुआ है कि किसी राज्य के प्रभावित लोगों को मात्र 20 दिनों के भीतर मुआवजा राशि मिल पाई है जोकि सरकार का ऐतिहासिक कदम प्रतीत हो रहा है। फाजिल्का जिला पंजाब का ऐसा जिला है जहां सबसे अधिक भाईचारे के लोग मिल-जुल कर रहते हैं। यहां आधा दर्जन से अधिक भाषाएं बोली जाती हैं। जिले के लोगों की पोशाकें विभिन्न पारम्परिक  झलक दिखाती हैं। 

राजस्थान के साथ लगते बल्लुआना हलके में महिलाएं घाघरा-चोली पहनती हैं व सुहागिनें सिर पर बोरला पहनती हैं। सिर पर रंगीन ओढ़नियां यहां की परम्परा है। आज के समागम में इस तरह की पारम्परिक पोशाकें पहने महिलाएं आकर्षण का केन्द्र बन रही थीं।  महिला विद्यावंती ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से फाजिल्का जिले के बल्लुआना हलके की ओर ध्यान दिया जाना काबिले तारीफ है। यह इलाका आमतौर पर नजरअंदाज किया जाता रहा है। इस सरकार के आने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान 4 महीनों में 3 बार यहां का दौरा कर चुके हैं, जिससे पता चलता है कि सरकार दूरदराज के इलाकों को महत्व दे रही है।

गेहूं के एम.एस.पी. और केंद्र सरकार द्वारा की गई कटौती के अंतर को भरने की घोषणा से किसानों ने ली राहत की सांस
अबोहर (भारद्वाज): प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस ऐलान के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है कि केंद्र सरकार द्वारा मानसूनी फसलों की खरीद के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य में कटौती की प्रतिपूॢत पंजाब सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सुखचैन के गांव पवन कुमार, अजादवीर सिंह भागसर, कुलविंदर सिंह बहाववाला सहित अन्य किसानों ने कहा कि भले ही केंद्र सरकार ने गेहूं काट लिया है, लेकिन पंजाब सरकार मौसमी फसलों से इस कटौती की भरपाई करेगी। विपत्तियों का सामना कर रहे किसानों के लिए बड़ी राहत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले किसान हितैषी मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने 20 दिन में मुआवजा देकर इस बात को साबित कर दिया है। किसानों ने कहा कि अब उम्मीद जगी है कि पंजाब का किसान और पंजाब समृद्ध होगा। 

इसी तरह फाजिल्का क्षेत्र के किसान अवतार सिंह पुहला, संदीप कम्बोज, राज कुमार व रघुवीर ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि मानसून के कारण फसलों को जो नुक्सान हुआ है और केंद्र द्वारा की गई कीमत में कटौती किसानों के घाव में नमक लगाने के समान थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा मुआवजे की घोषणा करके किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया है।

‘आप’ सरकार ने 20 दिन से पहले ही मुआवजा बांटने का काम शुरू किया : भगवंत मान
चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी, धवन): मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार फसलों के हुए नुक्सान के 20 दिनों के अंदर मुआवजा बांटने की मुहिम शुरू की गई है क्योंकि इससे पहले की किसी भी सरकार ने इस संबंधी बिल्कुल भी फिक्र नहीं की।  मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, ‘‘पिछली सरकारों के दौरान मुआवजे में इतनी देरी हुई थी कि ज्यादातर मंत्री और विधायक यह भूल ही जाते थे कि वे कौन-सी फसल के मुआवजे के चैक बांट रहे हैं। अब आपकी सरकार में फसल अभी खेतों में है, परन्तु पैसा खातों में डाल दिया गया है।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल के हुए नुक्सान के लिए केंद्र को मुआवजा देने के लिए मिन्नतें करने की बजाय गेहूं के टूटे और सिकुड़े दानों पर भारत सरकार द्वारा मूल्य में से की जा रही कटौती के कारण किसानों पर पड़े आर्थिक बोझ का सारा खर्चा पंजाब सरकार वहन करेगी।  उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण किसानों का भारी नुक्सान हुआ है, परन्तु केंद्र सरकार की बेरुखी ने किसानों का हाल जानने के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने के लिए केंद्र ने खराब हुए अनाज के मूल्य में कटौती कर दी।

अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल की आलोचना की
राज्य सरकार के विरुद्ध बेबुनियाद बयान देने के लिए अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की सख्त आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का हरेक फैसला आम आदमी के भले के लिए होता है। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद दोपहर 12 बजे जागता है, वह कभी भी दफ्तरों का समय सुबह 7.30 से दोपहर 2 बजे तक बदलने के लाभ की उम्मीद नहीं लगा सकता। भगवंत मान ने कहा कि इन नेताओं की लोक विरोधी मानसिकता के कारण लोगों ने इन्हें बुरी तरह से नकार दिया है।

किसानों की हमदर्द सरकार, हर मुश्किल में किसानों के हक में खड़ी: मनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर
बुढलाडा/फाजिल्का (विशेष): बल्लूआना हल्के के विधायक अमनप्रीत सिंह गोल्डी मुसाफिर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से दूसरी बार उनके विधानसभा हल्के में आकर कुदरती कहर से पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि के चैक बांटने के लिए उनका धन्यवाद किया है।  गोल्डी मुसाफिर ने कहा कि किसानों की हमदर्द सरकार, हर मुश्किल में किसानों के हकमें खड़ी है। गोल्डी ने कहा कि गत दिनों बेमौसमी बरसात से उनके हलके बल्लुआना में फसलों का बेहद नुक्सान हुआ था। इस नुक्सान के उपरांत पंजाब सरकार ने तुरंत प्रभाव से कदम उठाते हुए किसानों को मुआवजा देने के लिए पहल की है। फसलों के मंडियों में पहुंचने से पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने नया इतिहास रचते हुए किसानों को मुआवजा बांट कर उनकी आर्थिक सहायता की है। 

गोल्डी ने कहा कि इससे पहले जनवरी के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा बल्लुआना हलके के लिए 25 करोड़ रुपए का मुआवजा बांटा गया था। पिछली बार उक्त राशि बांटने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं हलके में आए थे व इस बार भी भगवंत मान ने खुद बल्लुआना हलके में पहुंच कर किसानों को मुआवजा राशि के चैक वितरित किए हैं। इससे किसानों को बेहद राहत मिली है व किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।  विधायक अमनदीप ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार ने 15 दिनों के भीतर गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा बांटने संबंधी कार्य शुरू करवा दिए। इसके फलस्वरूप डी.बी.टी. के जरिए मुआवजा राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंच गई है। इसके चलते किसानों को चैक कैश करवाने के लिए बैंकों में जाने की जरूरत नहीं रही। विधायक गोल्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने बल्लुआना हल्के में विकास कार्यों का जो क्रम शुरू किया है वह काबिले तारीफ है।

बकैनवाला गांव के ‘बवंडर पीड़ितों’ की मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार : विधायक सावना
अबोहर (भारद्वाज): फाजिल्का जिले के गांव बकैनवाला में आए बवंडर से मार्च के महीने में गांव में भारी तबाही हुई थी। तेज तूफान ने घरों की छतों को उड़ा दिया, साथ ही 20-20 साल पुराने किन्नू के बागों को जड़ से उखाड़ दिया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस गांव के प्रभावित लोगों को मुआवजे के चैक बांटे हैं। विधायक नरेंद्र पाल सिंह सावना जिनके विधानसभा क्षेत्र में बकैनवाला गांव पड़ता है, ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि विधायक ने गांव बकैनवाला के पीड़ितों की मदद के लिए अपना एक माह का वेतन भी दिया था। विधायक नरेंद्र पाल सिंह सावना ने कहा कि पंजाब के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सरकार ने 24 मार्च को प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान का मुआवजा 20 दिन बाद 13 अप्रैल को बांटा है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री भगवंत मान की जनकल्याणकारी नीति के कारण ही संभव हो पाया है। सरकार ने कठिन समय में पीड़ित लोगों का हाथ थामा है, इसलिए वह पंजाब सरकार के प्रति बहुत आभारी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के लिए पंजाब सरकार को धन्यवाद दिया कि पंजाब सरकार केंद्र द्वारा गेहूं की कीमतों में कटौती की प्रतिपूॢत करेगी।

Related Story

India

397/4

50.0

New Zealand

327/10

48.5

India win by 70 runs

RR 7.94
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!