Edited By Vatika,Updated: 04 Feb, 2026 03:04 PM

दीनानगर–बहरामपुर रोड पर दीनानगर के एक नामी निजी स्कूल की बस असंतुलित होकर अचानक सड़क किनारे ...
गुरदासपुर (गुरप्रीत): दीनानगर–बहरामपुर रोड पर दीनानगर के एक नामी निजी स्कूल की बस असंतुलित होकर अचानक सड़क किनारे बनी एक दीवार से जा टकराई। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बस के दीवार से टकराने के बाद बच्चे डर के मारे रोने लगे। पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि घने कोहरे के बावजूद दो स्कूल बसों के ड्राइवर आपस में रेस लगा रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। बच्चों की जान को इस तरह खतरे में डालने को लेकर अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। वहीं, इस मामले पर स्कूल प्रशासन कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बचता नजर आया।
शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया
जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत कौर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने संबंधित निजी स्कूल के प्रबंधन से बातचीत की है। स्कूल प्रबंधन की ओर से दावा किया गया कि एक कार से टक्कर से बचने के प्रयास में बस असंतुलित हो गई थी। हालांकि, जब अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई और बताया गया कि उसमें ऐसा कुछ स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है, तो शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी। यदि जांच में ड्राइवर या स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।