Edited By Vatika,Updated: 11 Feb, 2026 02:39 PM

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ...
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में पूरी तरह अराजकता और “गैंगस्टर राज” के बाद अब पंजाब को अस्थिर करने की एक नई साजिश रची जा रही है।
मोगा में प्रवासी मजदूरों पर हुई फायरिंग की घटना का हवाला देते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि यह घटना इस नापाक चाल को समझने के लिए काफी है। उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह सरकार अरविंद केजरीवाल के “रिमोट कंट्रोल” से चल रही है। सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार की “साम, दाम, दंड, भेद” की नीति ही प्रदेश के मौजूदा हालात के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की कि इस स्थिति से निपटने के लिए तुरंत और जरूरी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ‘आप’ की ये बेरहम चालें पंजाब को विभाजन, जबरदस्ती और अराजकता के ऐसे जंग के मैदान में बदल देंगी, जहां से वापसी मुश्किल हो जाएगी।