Edited By Kamini,Updated: 10 Feb, 2026 03:27 PM

पंजाब में अब आम आदमी पार्टी के विधायक के बयान से राजनीति में नया बवाल मच गया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में अब आम आदमी पार्टी की विधायिका के बयान से राजनीति में नया बवाल मच गया है। आम आदमी पार्टी के नकोदर से विधायिका इंदरजीत कौर मान का एक भाषण इन दिनों राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। चंडीगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिए गए उनके बयान पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है और इसे आप नेतृत्व का अहंकार करार दिया है।
प्रदर्शन के दौरान विधायक इंदरजीत कौर मान ने दावा किया कि पिछली बार 92 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार 117 सीटें गर्दन पर घुटना रखकर जीतकर दिखाएंगे। अपने भाषण में उन्होंने आक्रामक भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि पार्टी विपक्ष को पछाड़कर यह जीत हासिल करेगी। उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, इंद्रजीत कौर मान ने कांग्रेस पार्टी का बिना नाम लिए कहा, ''आपकी गर्दन पर घुटना रखकर जीत हासिल करेंगे। ये बात उन्होंने 3 बार बोल कर कही। विधायक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पंजाब में एक बार फिर सत्ता में लौटेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को मेहनत और संघर्ष का रास्ता दिखाया है, जिसका असर अब पार्टी में दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के उस बयान के विरोध में किया गया था, जिसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के पिता को लेकर टिप्पणी की थी। इस विरोध प्रदर्शन में नकोदर से विधायिका इंदरजीत कौर मान के साथ-साथ जालंधर वेस्ट से विधायक और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत भी मौजूद थे। विधायक इंद्रजीत कौर मान के बयान के बाद कांग्रेस ने तीखा हमला किया है। कांग्रेस का कहना है कि, कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सत्ता का अहंकार भी एक हद तक ही शोभा देता है, लेकिन आम आदमी पार्टी उस सीमा को भी पार कर चुकी है। पार्टी का कहना है कि यह किसी एक विधायक की जुबान नहीं, बल्कि पार्टी नेतृत्व की मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोच झलकती है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जो लोग यह मानते हैं कि पंजाब को डराया या दबाया जा सकता है, वे इतिहास से सबक लें। पंजाब न कभी झुका है और न ही दबा है। यह प्रदेश हर बात का जवाब देना जानता है। कांग्रेस ने दावा किया कि इस तरह की राजनीति का करारा जवाब जनता आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में देगी। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में AAP सरकार जिस तरह की भाषा और रवैया अपना रही है, उसका जवाब जनता जरूर देगी। पार्टी ने लिखा कि सत्ता के नशे में आज जो लोग खुद को सर्वोपरि समझ रहे हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता समय आने पर हिसाब लेना जानती है। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजाब किसी की निजी जागीर नहीं है और न ही यह प्रदेश किसी के दबाव में आने वाला है। पार्टी का कहना है कि पंजाब की जनता स्वाभिमानी है और वह हर तरह के अहंकार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here