Edited By jyoti choudhary,Updated: 06 Feb, 2026 11:38 AM

पिछले कुछ समय से रिकॉर्ड तेजी दिखाने के बाद अब सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट का दौर देखने को मिल रहा है। खासतौर पर चांदी में अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी कमजोरी दर्ज की गई है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ नजर आ रहा है।
बिजनेस डेस्कः पिछले कुछ समय से रिकॉर्ड तेजी दिखाने के बाद अब सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट का दौर देखने को मिल रहा है। खासतौर पर चांदी में अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी कमजोरी दर्ज की गई है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ नजर आ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सिल्वर की कीमतें अपने उच्च स्तर से करीब 40% तक फिसल चुकी हैं। गुरुवार को कॉमेक्स पर चांदी की कीमत में लगभग 20% की बड़ी गिरावट दर्ज हुई और यह करीब 64 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। पिछले महीने ही इसका भाव करीब 120 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था।
निवेशकों में बढ़ी चिंता
तेजी के दौर में चांदी में निवेश करने वाले निवेशक अब लगातार गिरती कीमतों से परेशान हैं। हाई स्तर से गिरावट का सिलसिला जारी रहने के कारण बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है और निवेशकों की नजर आगे की चाल पर टिकी हुई है।
भारत में भी दबाव जारी
ग्लोबल गिरावट का असर घरेलू बाजार में भी दिखाई दे रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 29 जनवरी को 4,30,048 रुपए प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर पहुंचा था, जो अब तक करीब 1,76,000 रुपए प्रति किलो तक टूट चुका है।
गुरुवार को शुरुआती कारोबार में चांदी का भाव गिरकर 2,30,499 रुपए प्रति किलोग्राम तक आ गया था। हालांकि बाद में कुछ रिकवरी देखने को मिली लेकिन यह 2,43,815 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इस तरह एक ही दिन में चांदी करीब 25,000 रुपए प्रति किलो सस्ती हो गई।
सोना भी दबाव में
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है। 29 जनवरी को 24 कैरेट सोना 1,93,096 रुपए प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंचा था, लेकिन अब तक यह करीब 41,000 रुपए सस्ता होकर गुरुवार को 1,52,071 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।