Edited By jyoti choudhary,Updated: 12 Feb, 2026 11:06 AM

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 38 पैसे चढ़कर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी निवेश प्रवाह और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से इसे समर्थन मिला है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेश प्रवाह हालांकि बहुत अधिक नहीं...
बिजनेस डेस्कः रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 38 पैसे चढ़कर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी निवेश प्रवाह और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से इसे समर्थन मिला है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेश प्रवाह हालांकि बहुत अधिक नहीं है लेकिन इसने एक मनोवैज्ञानिक स्थिरता प्रदान की है। इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) चुपचाप यह सुनिश्चित कर रहा है कि बैंकों पर्याप्त नकदी बनी रहे।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.55 पर खुला। फिर इसने गति पकड़ी और 90.40 तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 38 पैसे की वृद्धि दर्शाता है। रुपया प्रारंभिक कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.56 तक भी पहुंचा। रुपया बंधवार को 22 पैसे की गिरावट के साथ 90.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.78 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 349.87 अंक टूटकर 83,883.77 अंक पर जबकि निफ्टी 106.60 अंक फिसलकर 25,847.25 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.69 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 943.81 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।