Edited By Prachi Sharma,Updated: 15 Mar, 2026 09:13 AM

Baba Balak Nath Mela 2026 : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में शनिवार से चैत्र मास के पावन मेलों की शुरुआत बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ हो गई। मेले का शुभारंभ पारंपरिक झंडा रस्म के साथ किया गया। इस अवसर पर...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Baba Balak Nath Mela 2026 : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में शनिवार से चैत्र मास के पावन मेलों की शुरुआत बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ हो गई। मेले का शुभारंभ पारंपरिक झंडा रस्म के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रों के उच्चारण और विशेष पूजा के बीच बाबा बालक नाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
मेले के पहले ही दिन लगभग 35 से 40 हजार श्रद्धालु बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। दूर-दराज से आए भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
चैत्र मेलों के अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से पूरे परिसर को सुसज्जित किया गया है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक दिव्य और भक्तिमय अनुभव मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
हर साल की तरह इस बार भी चैत्र मास के इन मेलों में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेले के दौरान पुलिस और होमगार्ड के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। एसडीएम बड़सर स्वामी डोगरा ने बताया कि चैत्र मेलों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की टीमें सक्रिय रूप से तैनात की गई हैं।