Edited By Niyati Bhandari,Updated: 10 Sep, 2023 10:21 AM

मथुरा ( वार्ता): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात वैदिक मंत्रों के मध्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के सानिध्य में सात लोगों की टीम के द्वारा ठाकुर जी का अभिषेक किया गया। शुरू में
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
मथुरा ( वार्ता): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात वैदिक मंत्रों के मध्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के सानिध्य में सात लोगों की टीम के द्वारा ठाकुर जी का अभिषेक किया गया। शुरू में भागवत भवन में ठाकुर का अभिषेक कामधेनु स्वरूपा चांदी की गाय द्वारा लगभग 15 मिनट तक किया गया।
अभिषेक शुरू होने के पहले ठीक 12 बजे रात श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर शंख, नगाड़ो झांझ, घंटे-घड़यिाल एवं मृदंग की आवाज से तथा नन्द के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के उद्घोष से श्रीकष्ण जन्मस्थान का कोना-कोना गूंज उठा। अभिषेक के बाद आरती और उसके बाद भी डेढ़ बजे तक मन्दिर के पट भक्तों के दर्शनार्थ खुले रहें। इस अवसर पर खुशी में टॉफियां भी लुटाई गईं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि मंदिर के पट बंद होने के बाद एक घंटे से अधिक देर तक संस्थान परिसर में मौजूद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया तथा यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भक्त बिना प्रसाद लिए न जाए। वृन्दावन के बांके बिहारी मंदिर में चाक-चौबंद व्यवस्था करने एवं केवल 500 लोगों को ही मंगला आरती के दर्शन के समय भेजने से इस बार कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।
मंगला आरती के सकुशल सम्पन्न होने से प्रफुल्लित जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने इसका श्रेय बांके बिहारी महाराज को दिया और कहा कि उनकी कृपा से ही मंगला आरती के समय कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। वैसे आरती के समय व्यवस्थाओं को देखने के लिए एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं आई जी दीपक कुमार तथा एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डे मंदिर में ही मौजूद रहें। आरती के बाद लाइन से सभी भक्तों को दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश दिया गया तथा साढ़े 5 बजे तक मन्दिर के पट खुले रहे।
इस्कॉन मंदिर में रात 11 बजे वैदिक मंत्रों के मध्य अभिषेक किया गया तथा मन्दिर आए श्रद्धालुओं को भी अभिषेक का अवसर दिया गया। गुरूवार की रात अभिषेक के बाद 4 फीट लम्बा और 3 फुट चौडा केक कान्हा के अवतरण की खुशी में तालियों की गड़गड़ाहट में काटा गया तथा भक्तों में वितरित किया गया । इस अवसर पर एक दर्जन से अधिक भक्तों द्वारा अलग-अलग केक काटे गए और प्रसाद के रूप में वितरित किये गए।
दिन में जन्माष्टमी मनाने वाले वृन्दावन के चार मन्दिरों को छोड़कर वृन्दावन, मथुरा, गोवर्धन में भी भक्तों की भारी संख्या की उपस्थिति में ठाकुर का अभिषेक किया गया तथा भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। नन्द बाबा मन्दिर नन्दगांव के सेवायत आचार्य सुशील गोस्वामी ने बताया नंदगांव की महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से बधाई गायन किया गया।