Edited By Niyati Bhandari,Updated: 14 Aug, 2026 10:20 AM

अमरीका के विभिन्न राज्य 15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस (भारत दिवस) के रूप में मनाने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं जो भारत की विरासत, विविधता और अमरीकी ताने-बाने में इसके प्रवासी समुदाय के बढ़ते योगदान को प्रदर्शित करता है।
न्यूयॉर्क (एजैंसी): अमरीका के विभिन्न राज्य 15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस (भारत दिवस) के रूप में मनाने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं जो भारत की विरासत, विविधता और अमरीकी ताने-बाने में इसके प्रवासी समुदाय के बढ़ते योगदान को प्रदर्शित करता है। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स के बाद अब डेलावेयर राज्य ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को मनाने की घोषणा की है।
डेलावेयर ने 15 अगस्त 2026 को ‘भारत दिवस’ घोषित किया है। डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर द्वारा हस्ताक्षरित इस घोषणा में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न समुदायों में मौजूद अनेक संस्कृतियों और परंपराओं से डेलावेयर ‘मजबूत’ हुआ है। इनमें तेजी से बढ़ता भारतीय-अमरीकी समुदाय भी शामिल है, जिसकी मौजूदगी ने राज्य के स्वरूप को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। घोषणा में कहा गया, ‘भारतीय विरासत वाले डेलावेयरवासियों ने पूरे राज्य के समुदायों में अपने काम, नेतृत्व और सेवा के जरिए हमारे राज्य को समृद्ध किया है।’