Edited By Sarita Thapa,Updated: 08 Aug, 2026 02:24 PM

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर में श्रावण-भादो मास की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। महज 8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए।
Ujjain mahakal mandir News : उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर में श्रावण-भादो मास की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। महज 8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर मंदिर की लड्डू प्रसाद बिक्री पर भी देखने को मिला है। इस दौरान मंदिर समिति को प्रसाद बिक्री से 2 करोड़ 35 लाख रुपए से ज्यादा की आय हुई।
30 जुलाई से 6 अगस्त तक महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची। इन आठ दिनों में सबसे ज्यादा भक्त श्रावण के पहले सोमवार यानी 3 अगस्त को पहुंचे। इस दिन 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। वहीं, रविवार को 4 लाख 76 हजार और शनिवार को 4 लाख 19 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
श्रावण मास के चलते आने वाले दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच महाकाल मंदिर समिति की लड्डू प्रसाद बिक्री में भी रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार हुआ। 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कुल 497.439 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री हुई। इससे मंदिर समिति को 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपए की आय प्राप्त हुई।
(विशाल ठाकुर)