Edited By Tanuja,Updated: 23 Oct, 2025 04:08 PM

बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में हथियारबंद लोगों ने 7 मजदूरों का अपहरण किया। पांच मजदूर सिंध के और दो स्थानीय थे, जो सुरक्षा चौकी के निर्माण में लगे थे। दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। आशंका है कि घटना में बलूच उग्रवादी शामिल हैं, जिन्होंने पहले भी...
International Desk: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद लोगों ने सात मजदूरों का अपहरण कर लिया है। सुरक्षा सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना मस्तुंग जिले के दश्त में सियाह पोश इलाके में हुई। सूत्रों के अनुसार, पांच मजदूर सिंध के थे और दो स्थानीय थे। सूत्रों ने बताया कि वे एक नयी सुरक्षा चौकी के निर्माण पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्र से अज्ञात बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया।
एक सूत्र ने बताया, ‘‘अपहरण दो दिन पहले हुआ था और मजदूरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।'' सुरक्षा अधिकारियों ने अभी तक इस घटना पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन अतीत में उग्रवादियों ने बलूचिस्तान में सरकारी या चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजनाओं पर काम करने वाले अन्य प्रांतों के मजदूरों को निशाना बनाया है, या तो उन्हें मौके पर ही मार दिया है या उनका अपहरण कर लिया है और बाद में उनके शव को दूरदराज के इलाकों में फेंक दिया है।