Edited By Pardeep,Updated: 22 Oct, 2026 06:04 AM

पूर्वी साउदी अरब में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार देर रात हुए एक हमले में एक सउदी निवासी की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।
दम्माम/रियाद: पूर्वी साउदी अरब में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार देर रात हुए एक हमले में एक सउदी निवासी की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। इस हमले में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है। फ़्लाइट-ट्रैकिंग सेवा फ़्लाइटराडार24 के अनुसार, हमले के बाद रात भर उड़ानों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) करना पड़ा।
पूर्वी क्षेत्र में 4 ड्रोन हमले इंटरसेप्ट
फारस की खाड़ी पर बहरीन और कतर के करीब दम्माम में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पहले भी हूती मिसाइल और प्रोजेक्टाइल हमलों द्वारा निशाना बनाया जाता रहा है। सउदी गठबंधन ने जानकारी दी है कि उसने देश के पूर्वी क्षेत्र में चार ड्रोन हमलों को मार गिराया (इंटरसेप्ट किया)। हालांकि, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस ताज़ा हमले पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
अरामको तेल क्षेत्र पर भी गिरा मलबा, भारतीय समेत 2 घायल
एयरपोर्ट पर हुए इस हमले से ठीक पहले दक्षिण-पूर्वी साउदी अरब में अरामको द्वारा संचालित शयबा (Shaybah) तेल क्षेत्र में एक इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सउदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, मारे गए दो लोग नेपाली और फिलिपिनो नागरिक थे, जबकि घायलों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है। मलबे के कारण ठेकेदार के एक वाहन में आग भी लग गई थी।
तेल ठिकानों पर लगातार बढ़ रहे हैं हमले
साउदी अरब के पूर्वी प्रांत में अरामको के तेल ठिकानों और जहाजरानी पर हाल के दिनों में हमले तेज हुए हैं। इससे पहले इसी महीने अरामको के एक प्रशासनिक भवन में हमले के बाद सीमित आग लग गई थी। वहीं पिछले महीने भी एक इंटरसेप्ट किए गए हूती ड्रोन के मलबे से एक यमनी नागरिक की जान चली गई थी। ताज़ा हमलों और ड्रोन इंटरसेप्शन के कारण सउदी अरब के हवाई अड्डों और तेल सुविधाओं को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ नागरिक हताहत हुए हैं।