मैंने ईरान के मुद्दे पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ फोन पर चर्चा की : ट्रंप

Edited By Updated: 05 Feb, 2026 12:00 AM

i discussed the issue of iran with chinese president xi jinping over the phone

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ फोन पर चर्चा की। ईरान को अलग-थलग करने के लिए चीन और अन्य देशों पर दबाव बनाने के अमेरिकी प्रशासन के प्रयासों के बीच दोनों नेताओं ने...

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ फोन पर चर्चा की। ईरान को अलग-थलग करने के लिए चीन और अन्य देशों पर दबाव बनाने के अमेरिकी प्रशासन के प्रयासों के बीच दोनों नेताओं ने बातचीत की है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने चिनफिंग से व्यापार और ताइवान समेत अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े मुद्दों और अप्रैल में चीन यात्रा की अपनी योजना पर भी बात की। उन्होंने फोन पर हुई बातचीत के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "चीन और राष्ट्रपति शी के साथ मेरे व्यक्तिगत संबंध बहुत अच्छे हैं और हम दोनों को पता है कि संबंध को जस का तस रखना कितना महत्वपूर्ण है।"

चीन सरकार ने बातचीत के बारे में जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि दोनों नेताओं ने आगामी वर्ष में दोनों देशों की अलग-अलग मेजबानी में होने वाले प्रमुख सम्मेलनों और अपनी मुलाकात के संभावित अवसरों पर चर्चा की। हालांकि चीन सरकार ने अप्रैल में ट्रंप की संभावित चीन यात्रा का कोई उल्लेख नहीं किया। चीन ने यह भी स्पष्ट किया कि चीन की मुख्यभूमि से ताइवान के विलय की लंबे समय से जारी योजना से पीछे हटने का उसका कोई इरादा नहीं है। चीन का दावा है कि ताइवान उसका हिस्सा है।

चीनी बयान में कहा गया है, "चीन ताइवान को कभी अलग नहीं होने देगा।" ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने पर लगातार जोर दे रहे ट्रंप ने पिछले महीने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि वह ईरान से कारोबार करने वाले देशों से अमेरिका में होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत तक कर लगाएंगे। परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए ईरान पर वर्षों से लागू पाबंदियों के कारण देश अलग-थलग पड़ गया है। हालांकि विश्व व्यापार संगठन के अनुसार 2024 में ईरान ने 125 अरब अमेरिकी डॉलर का अंतरराष्ट्रीय व्यापार किया, जिसमें से 32 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार चीन से हुआ। इसके अलावा 28 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार संयुक्त अरब अमीरात और 17 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार तुर्किये के साथ किया गया।

इसके अलावा चिनफिंग ने बुधवार को ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी फोन पर बात की। शी की पुतिन और ट्रंप से बातचीत ऐसे समय में हुई है जब रूस और अमेरिका के बीच 'न्यू स्टार्ट' के नाम से जानी जाने वाली अंतिम शेष परमाणु संधि बृहस्पतिवार को समाप्त होने वाली है। इस संधि के समाप्त होने से पहली बार, 50 साल से अधिक समय में, दोनों देशों के परमाणु शस्त्रागारों पर कोई सीमा नहीं रहेगी। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह परमाणु हथियारों पर सीमा बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन वह किसी संभावित नयी संधि में चीन को भी शामिल करना चाहते हैं। 

Related Story

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!