Edited By Tanuja,Updated: 25 Mar, 2026 01:43 PM

ईरान ने Donald Trump के “सफल वार्ता” दावे का मजाक उड़ाते हुए एक फर्जी चैट स्क्रीनशॉट शेयर किया। यह असली लीक नहीं, बल्कि डिजिटल व्यंग्य है। इससे साफ हुआ कि दोनों देशों के बीच भरोसा खत्म है और अब कूटनीति के साथ “सोशल मीडिया वॉर” भी तेज हो गई है।
International Desk: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब सिर्फ युद्ध के मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खुलकर सामने आ गया है। ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के उस दावे पर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ उनकी बातचीत “सफल और सकारात्मक” रही। इस दावे के जवाब में सऊदी अरब में स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया। यह स्क्रीनशॉट देखने में किसी पर्सनल चैट जैसा लगता है, लेकिन वास्तव में यह एक व्यंग्यात्मक पोस्ट है, न कि कोई असली लीक।
“Good and productive talks with Iran” 😎 pic.twitter.com/kEWmz37CYX
— Iran Embassy SA (@IraninSA) March 24, 2026
इस स्क्रीनशॉट में “President of PEACE (You)” नाम से चैट दिखाई गई है और उसमें मैसेज जैसे “Hey Ayatollah” और “I will cease attacks for 5 days” लिखे गए हैं। खास बात यह है कि दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं दिखाया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि ट्रंप खुद ही बात कर रहे हैं और खुद ही उसे सफल मान रहे हैं। ईरान ने इस पोस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि ट्रंप की “सफल बातचीत” का दावा उसके लिए सिर्फ एक मजाक है। यह एक तरह का डिजिटल पलटवार है, जिसमें कूटनीति को व्यंग्य के जरिए चुनौती दी गई है।
इस घटनाक्रम से यह भी साफ होता है कि अमेरिका और ईरान के बीच भरोसे की कमी बहुत गहरी हो चुकी है। जहां एक ओर Donald Trump बातचीत की बात कर रहे हैं, वहीं ईरान साफ संकेत दे रहा है कि वह इन दावों को गंभीरता से नहीं ले रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का “डिप्लोमैटिक ह्यूमर” बहुत कम देखने को मिलता है और यह इस बात का संकेत है कि दोनों देशों के रिश्ते अब बेहद तनावपूर्ण और टकरावपूर्ण हो चुके हैं।