Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Feb, 2026 11:47 PM

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राजधानी ऊफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के छात्रावास में शनिवार को अचानक हिंसा भड़क उठी। छात्रावास के खेल कक्ष में एक किशोर के चाकू से किए गए हमले में भारतीय छात्रों...
नेशनल डेस्क : रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राजधानी ऊफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के छात्रावास में शनिवार को अचानक हिंसा भड़क उठी। छात्रावास के खेल कक्ष में एक किशोर के चाकू से किए गए हमले में 4 भारतीय छात्रों समेत कम से कम आठ लोग घायल हो गए। इस हमले में ड्यूटी पर पहुंचे दो पुलिस अधिकारी भी जख्मी हुए हैं।
कैसे हुआ हमला?
रूसी गृह मंत्रालय के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चाकू लेकर एक किशोर छात्रावास में घुसा और वहां मौजूद छात्रों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया और इसी दौरान उसने दो पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से वार कर दिया।
भारतीय दूतावास की पुष्टि
रूस में भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ऊफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं। दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है। वहीं, काजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा रवाना हो चुके हैं।
मुठभेड़ में हमलावर भी घायल
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे बच्चों के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों का इलाज स्थानीय क्लिनिकल अस्पताल में चल रहा है।
जांच शुरू, कई सवाल बाकी
हालांकि, आधिकारिक तौर पर घायलों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता सार्वजनिक नहीं की गई है। कुछ रूसी टेलीग्राम चैनलों का दावा है कि पीड़ितों में कम से कम चार भारतीय छात्र शामिल हैं। जांच एजेंसियों ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।