रूस-यूक्रेन जंग में दिसचस्प मोड़; पुतिन से मुलाकात के बाद यूक्रेन पहुंचे ट्रंप के खास दूत, जेलेंस्की बोले- ‘सार्थक वार्ता को तैयार हैं’

Edited By Updated: 06 Sep, 2026 05:41 PM

witkoff and kushner land for talks in kyiv after meeting putin

रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते हवाई हमलों के बीच अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर कीव पहुंचे। इससे एक दिन पहले दोनों ने मॉस्को में पुतिन से तीन घंटे से ज्यादा बातचीत की थी। जेलेंस्की ने सार्थक वार्ता की इच्छा जताई, लेकिन दोनों देशों के हमले अब...

Kyiv: यूक्रेन पर रूस के बड़े हमले के बाद शांति वार्ता फिर से शुरू करने के प्रयासों के तहत अमेरिका के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रविवार को कीव पहुंचे। यह यूक्रेन की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले शनिवार को दोनों ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की थी। दोनों देशों की ओर से एक दूसरे पर हवाई हमले तेज किए जाने के बीच हुई इस यात्रा का उद्देश्य शांति वार्ता को फिर से शुरू करना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि कीव अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ "सार्थक" बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने 'टेलीग्राम' पर एक पोस्ट में कहा, "हम युद्ध खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ने में रुचि रखते हैं। शांति जरूरी है। सुरक्षा की गारंटी जरूरी है।

 

युद्ध के बाद न्यायपूर्ण और स्थायी शांति जरूरी है।" युद्ध खत्म कराने की अमेरिका की कोशिशें धीमी हो गई हैं, क्योंकि पिछले छह महीनों से अमेरिका का ध्यान ईरान युद्ध पर केंद्रित रहा है। विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद कुशनर की मॉस्को की पिछली ज्ञात यात्रा जनवरी में हुई थी, जब उन्होंने क्रेमलिन में पुतिन से बातचीत की थी। शनिवार को मॉस्को में तीन घंटे से ज्यादा समय तक बंद कमरे में बैठक हुई और बिना किसी बड़ी सफलता की घोषणा के खत्म हो गई। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बैठक के बाद इसे रचनात्मक, स्पष्ट व उपयोगी बताया, लेकिन किसी विशेष नतीजे के बारे में जानकारी नहीं दी। रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमले तेज हो गए हैं। सैनिकों को 1,250 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर ज्यादा बढ़त हासिल करने में मुश्किल हो रही है।

 

रूस हाल में तेज गति से उड़ने में सक्षम जेट इंजन वाले ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन की आवाज कीव में रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है। पुतिन और जेलेंस्की ने बातचीत के दौरान एक-दूसरे की राजधानियों पर हमले रोकने पर सहमति जताई थी। हालांकि अधिकारियों के अनुसार, रविवार तड़के तक दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले किए। यूक्रेन की राज्य आपात सेवा ने बताया कि रविवार तड़के तक यूक्रेन के कई क्षेत्रों में रूस के हमलों में एक व्यक्ति की मौत हुई और कम से कम 10 लोग घायल हुए।

 

जापोरिज्जिया में ड्रोन हमलों में 74-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। यूक्रेन की वायुसेना ने रविवार को कहा कि रूस ने रात में 108 ड्रोन और छह मिसाइल दागीं, जिनमें से उसने 82 ड्रोन को रोक दिया। रूस में बेलगोरोद सीमा क्षेत्र के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक वाहन को निशाना बनाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में रूस के 14 क्षेत्रों, कब्जे वाले क्रीमिया और काला सागर तथा आजोव सागर के इलाकों में 258 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!