Edited By Pardeep,Updated: 29 Mar, 2026 09:55 PM

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। उसके मुताबिक, सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमले में अमेरिका का बेहद अहम E-3 Sentry विमान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।
इंटरनेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। उसके मुताबिक, सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमले में अमेरिका का बेहद अहम E-3 Sentry विमान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।
6 मिसाइल और 29 ड्रोन से हमला
ईरान के अनुसार, इस हमले में 6 बैलिस्टिक मिसाइल और 29 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। यह एयरबेस अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। ईरानी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है और उसका बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका है।
हमले में घायल हुए अमेरिकी सैनिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 मार्च को हुए इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा कुछ फ्यूल भरने वाले विमान भी नुकसान की चपेट में आए हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कितना महंगा है E-3 सेंट्री विमान?
बोइंग द्वारा बनाए गए E-3 सेंट्री विमान की कीमत लगभग ₹4,100 करोड़ से लेकर ₹5,800 करोड़ तक हो सकती है। यह विमान युद्ध के दौरान कमांड और कंट्रोल के लिए बेहद अहम माना जाता है। अमेरिका के पास अब केवल 16 E-3 विमान ही बचे हैं, जो पहले की तुलना में लगभग आधे हैं। इनमें से 6 विमान यूरोप और मिडिल ईस्ट में तैनात हैं। ये विमान हवा और जमीन दोनों की निगरानी करते हैं। इनके इंजन और सिस्टम पुराने हो चुके हैं, जिससे रखरखाव मुश्किल है। 2024 में इन विमानों की मिशन रेडी दर करीब 55% रही, यानी सभी विमान हर समय ऑपरेशन के लिए तैयार नहीं रहते।
‘उड़ता हुआ रडार स्टेशन’ क्यों कहा जाता है?
E-3 सेंट्री को “उड़ता हुआ रडार स्टेशन” कहा जाता है। इसके ऊपर बड़ा घूमता हुआ रडार डोम लगा होता है। इसमें 13 से 19 एक्सपर्ट्स और 4 क्रू मेंबर्स होते हैं। यह दुश्मन और मित्र विमानों, नौसेना और अन्य गतिविधियों को ट्रैक करता है। यह विमान सिर्फ निगरानी ही नहीं करता, बल्कि युद्ध के दौरान कमांड और कंट्रोल का भी काम करता है और हमले की स्थिति में अहम जानकारी उपलब्ध कराता है।
कितना बड़ा नुकसान?
अगर ईरान का दावा सही साबित होता है, तो यह अमेरिका के लिए बड़ा झटका माना जाएगा, क्योंकि E-3 सेंट्री जैसे विमान न केवल महंगे हैं, बल्कि रणनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।