Edited By Rohini Oberoi,Updated: 26 Jun, 2026 10:53 AM

केरल की सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में एरूर क्षेत्र से छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक ये सभी आरोपी पिछले कुछ महीनों से कोच्चि और उसके आसपास के इलाकों में अवैध रूप से...
Kerala Police Action : केरल की सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में एरूर क्षेत्र से छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक ये सभी आरोपी पिछले कुछ महीनों से कोच्चि और उसके आसपास के इलाकों में अवैध रूप से रह रहे थे और इनके पास से मिले भारतीय पहचान पत्र फर्जी पाए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वीरवार को एरूर स्थित कुट्टिपडम रोड पर कबाड़ की एक दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की जो कथित तौर पर फर्जी पाए गए।
यह भी पढ़ें: मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, 3 की मौत, 10 झुलसे
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रकीव शबा, मोहम्मद सोहेल फराज, तारिक, सोगिर, मैधी हाजीदा और मोहम्मद अगिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे बांग्लादेश के निवासी हैं और पिछले कुछ महीनों से कोच्चि में काम कर रहे थे।
इसके बाद उन्हें हिल पैलेस पुलिस थाने ले जाया गया, जहां खुफिया एजेंसियों ने उनसे विस्तृत पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।