Edited By Pardeep,Updated: 17 Oct, 2026 11:38 PM

पश्चिम बंगाल के कोलकाता दुर्गा पंडाल हादसे के बाद अब पश्चिम बर्दवान जिले के जमुरिया क्षेत्र से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है।
आसनसोल/पश्चिम बर्दवान: पश्चिम बंगाल के कोलकाता दुर्गा पंडाल हादसे के बाद अब पश्चिम बर्दवान जिले के जमुरिया क्षेत्र से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां स्थित 'श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड' के निर्माणाधीन पावर प्लांट में शनिवार को एक भीषण दुर्घटना हो गई। प्लांट के एक हिस्से में अचानक हुए हादसे के कारण भारी मलबा गिर गया, जिसमें कई मजदूरों और कर्मचारियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहत और बचाव कार्य तेज, घायलों को भेजा गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को निकालने के कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे में घायल हुए कई लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, दुर्घटना में कुल कितने लोग घायल हुए हैं और अभी कितने लोग मलबे में फंसे हैं, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर प्रणव कुमार, जिला शासक एस. पन्नाबलम और स्थानीय विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।