Edited By Parveen Kumar,Updated: 26 Jul, 2026 06:46 PM

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने रविवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए होर्डिंग लगाए और दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ प्रश्नपत्र लीक के कथित मामलों के खिलाफ छात्रों के देशव्यापी आंदोलन की पहली जीत हुई है। ये...
नेशनल डेस्क : भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने रविवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए होर्डिंग लगाए और दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ प्रश्नपत्र लीक के कथित मामलों के खिलाफ छात्रों के देशव्यापी आंदोलन की पहली जीत हुई है। ये होर्डिंग मुख्य रूप से लुटियन दिल्ली के रायसीना रोड पर लगाए गए हैं, जहां आईवाईसी का मुख्यालय स्थित है।
दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दावा किया कि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा किए गए लगातार विरोध-प्रदर्शनों का परिणाम है। लाकड़ा ने कहा, ''मोदी सरकार में जिसे असंभव बताया जा रहा था, वह छात्रों के संघर्ष और राहुल गांधी के नेतृत्व की बदौलत संभव हुआ। लेकिन हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है।''
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की युवा इकाई तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगी, जब तक छात्रों के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादती के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह नहीं ठहराया जाता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छात्रों से माफी नहीं मांगते। जून में कांग्रेस ने भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक, विशेषकर नीट विवाद को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को जवाबदेह ठहराने तथा पारदर्शी परीक्षाएं सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपायों की मांग करते हुए 'छात्रों की गूंज' अभियान शुरू किया था।
इस अभियान के तहत देशभर में विरोध-प्रदर्शन, जनसंपर्क कार्यक्रम और छात्रों के साथ संवाद आयोजित किया गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुए ''बर्बर हमले'' की जवाबदेही तय करने की मांग की। गांधी ने शाह से सवाल किया कि क्या छात्रों के खिलाफ 'पेलेट गन' के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की और पार्टी की इस मांग को दोहराया कि प्रधानमंत्री छात्रों से माफी मांगें।