लैंडिंग के दौरान अचानक आई बड़ी गड़बड़ी… फुकेट एयरपोर्ट पर रनवे पर फंस गई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट

Edited By Updated: 11 Mar, 2026 06:31 PM

air india express flight stuck on runway at phuket airport

हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट बुधवार को उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब लैंडिंग के दौरान विमान के नोज़ व्हील में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से विमान फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर ही रुक गया और कुछ देर तक...

नेशनल डेस्क : हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट बुधवार को उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब लैंडिंग के दौरान विमान के नोज़ व्हील में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से विमान फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर ही रुक गया और कुछ देर तक वहीं फंसा रहा। हालांकि क्रू ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 11 मार्च को हैदराबाद से फुकेट पहुंची फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान नोज़ व्हील में तकनीकी समस्या सामने आई थी। क्रू ने तय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। एयरलाइन ने इस दौरान सहयोग के लिए फुकेट एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों का आभार भी जताया।

जेट फ्यूल महंगा होने से बढ़ेगा फ्यूल सरचार्ज

इसी बीच एयर इंडिया ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। एयरलाइन का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसके चलते यह कदम उठाना जरूरी हो गया है। एयरलाइन के मुताबिक एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) एयरलाइन की कुल परिचालन लागत का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा होता है। मार्च 2026 की शुरुआत से सप्लाई में रुकावट और कीमतों में तेजी के कारण एयरलाइन की लागत पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। इसके अलावा भारत के बड़े शहरों जैसे दिल्ली और मुंबई में ATF पर लगने वाली ऊंची एक्साइज ड्यूटी और वैट भी खर्च को और बढ़ा रहे हैं।

तीन चरणों में लागू होगा नया सरचार्ज

एयर इंडिया ने बताया कि नया फ्यूल सरचार्ज तीन चरणों में लागू किया जाएगा और यह एयर इंडिया एक्सप्रेस समेत सभी फ्लाइट्स पर लागू होगा। पहला चरण 12 मार्च से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होगा। इसके तहत भारत के घरेलू रूट्स और SAARC देशों की उड़ानों पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा, जो पहले नहीं लिया जाता था। वहीं वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट की उड़ानों पर 10 अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। दक्षिण-पूर्व एशिया के रूट्स पर सरचार्ज 40 डॉलर से बढ़ाकर 60 डॉलर कर दिया जाएगा, जबकि अफ्रीका के लिए यह 60 डॉलर से बढ़कर 90 डॉलर हो जाएगा।

दूसरे चरण में यूरोप और अमेरिका रूट्स प्रभावित

फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का दूसरा चरण 18 मार्च से लागू होगा। इसके तहत यूरोप जाने वाली उड़ानों पर सरचार्ज 100 डॉलर से बढ़कर 125 डॉलर कर दिया जाएगा। वहीं उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जाने वाली फ्लाइट्स के लिए यह शुल्क 150 डॉलर से बढ़ाकर 200 डॉलर किया जाएगा। एयरलाइन ने यह भी कहा है कि हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे फार ईस्ट रूट्स से जुड़ी तीसरे चरण की घोषणा बाद में की जाएगी।

पुराने टिकटों पर नहीं लगेगा नया शुल्क

एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि जो टिकट पहले ही जारी किए जा चुके हैं, उन पर नया फ्यूल सरचार्ज लागू नहीं होगा। हालांकि अगर यात्री यात्रा की तारीख या यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करते हैं, तो किराए की दोबारा गणना की जाएगी और उस स्थिति में नया शुल्क लागू हो सकता है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!