Edited By Anu Malhotra,Updated: 29 May, 2025 07:55 AM

जब देश की सेना पाकिस्तान की ओर से उठते खतरे को देखते हुए युद्ध स्तर की तैयारियों में जुटी है, उसी समय भारत-पाक सीमा से सटे कई राज्यों में प्रस्तावित नागरिक सुरक्षा अभ्यास (सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल) को टाल दिया गया है। इस मॉक ड्रिल को ‘ऑपरेशन शील्ड’...
नई दिल्ली, 29 मई 2025 – जब देश की सेना पाकिस्तान की ओर से उठते खतरे को देखते हुए युद्ध स्तर की तैयारियों में जुटी है, उसी समय भारत-पाक सीमा से सटे कई राज्यों में प्रस्तावित नागरिक सुरक्षा अभ्यास (सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल) को टाल दिया गया है। इस मॉक ड्रिल को ‘ऑपरेशन शील्ड’ नाम दिया गया था और इसका आयोजन 29 मई को होना था। हालांकि अब पंजाब, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में इसे प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए स्थगित कर दिया गया है।
सेना प्रमुख ने लिया मोर्चा संभालने का जायजा
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को सेना की रेड ईगल डिवीजन का दौरा किया और युद्ध की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उभरते खतरों से निपटने की सेना की तत्परता, नई तकनीकों के एकीकरण और सैनिकों के समर्पण की सराहना की। जनरल द्विवेदी ने सैनिकों से मुलाकात कर उनके हौसले की भी तारीफ की।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी बाकी है: सरकार
सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पाकिस्तान की धरती पर पल रहे आतंकवादियों के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' अब भी जारी है। प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख तीनों ने इस बात को दोहराया है कि यह अभियान केवल सीमित कार्रवाई नहीं, बल्कि एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
पंजाब में अब 3 जून को होगा अभ्यास
पंजाब सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर सिविल डिफेंस अभ्यास के लिए 3 जून की नई तारीख का प्रस्ताव दिया है। राज्य सरकार ने बताया कि उनके सिविल डिफेंस कर्मी इस समय राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं, इसलिए तत्काल अभ्यास कराना संभव नहीं था। केंद्र ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
गुजरात और राजस्थान ने भी रोका ‘ऑपरेशन शील्ड’
गुजरात और राजस्थान की सरकारों ने भी ‘ऑपरेशन शील्ड’ को फिलहाल स्थगित कर दिया है। दोनों राज्यों के सूचना विभागों की ओर से जारी बयानों में कहा गया कि प्रशासनिक कारणों के चलते मॉक ड्रिल को टालना पड़ा है, और इसकी नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।