Edited By Radhika,Updated: 17 Feb, 2026 05:04 PM

गुजरात की राजधानी गांधीनगर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब Gandhinagar Sessions Court को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। घटना के तुरंत बाद न्यायिक कार्यवाही रोक दी गई और जजों, वकीलों...
नेशनल डेस्क: गुजरात की राजधानी गांधीनगर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब Gandhinagar Sessions Court को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। घटना के तुरंत बाद न्यायिक कार्यवाही रोक दी गई और जजों, वकीलों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ईमेल में 'खालिस्तान' और 'तमिलनाडु' का जिक्र
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह ईमेल कोर्ट के आधिकारिक अकाउंट पर सुबह करीब 10 बजे भेजा गया था। सेक्टर-7 के इंस्पेक्टर भरत गोयल ने बताया, "ईमेल की सामग्री खालिस्तानी प्रोपेगेंडा और तमिलनाडु में पुलिस अधिकारियों के साथ कथित अन्याय से संबंधित है। फिलहाल बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें गहन तलाशी ले रही हैं। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।"

अहमदाबाद और वडोदरा के स्कूलों को भी मिली थी धमकी
चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना अहमदाबाद और वडोदरा के 28 से अधिक स्कूलों को मिले धमकी भरे ईमेल के ठीक एक दिन बाद हुई है। पुलिस और साइबर क्राइम की टीमें अब इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इन सभी घटनाओं के पीछे एक ही समूह का हाथ है।
सुरक्षा घेरा हुआ कड़ा
कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया है। पार्किंग में खड़े वाहनों और कोर्ट के कमरों की बारीकी से जांच की जा रही है। साइबर टीम ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक कर भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।