Edited By Anu Malhotra,Updated: 11 Mar, 2026 11:36 AM

Today Gold-Silver Price India: वैश्विक राजनीति और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। 10 मार्च को कीमतों में बदलाव के बाद, आज यानी 11 मार्च को सुबह 9 बजे एमसीएक्स (MCX)...
Today Gold-Silver Price India: वैश्विक राजनीति और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। 10 मार्च को कीमतों में बदलाव के बाद, आज यानी 11 मार्च को सुबह 9 बजे एमसीएक्स (MCX) पर सोने के दाम में 457 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह 1,62,846 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
इसी तरह चांदी की कीमतों में भी 1,765 रुपये की फिसलन देखी गई और यह 2,76,085 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। बाजार में यह हलचल मुख्य रूप से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के विरोधाभासी संकेतों की वजह से है। जहां एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध के जल्द खत्म होने की बात कहकर बाजार को शांत करने की कोशिश की, वहीं दूसरी ओर मीडिया रिपोर्ट्स ईरान पर अमेरिका और इजरायल के लगातार हवाई हमलों का दावा कर रही हैं। इस अनिश्चितता के बीच निवेशक अब मुनाफावसूली (Profit Booking) में जुट गए हैं।
कीमतों को प्रभावित करने वाला एक और बड़ा कारक कच्चे तेल की गिरती दरें हैं। ब्रेंट क्रूड के 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने के कारण महंगाई का डर कम हुआ है, जो सोने जैसी सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली धातुओं के लिए नकारात्मक साबित हुआ। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) द्वारा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रिजर्व से तेल जारी करने के प्रस्ताव ने बाजार में थोड़ी स्थिरता लाने का प्रयास किया है। हालांकि, मिडिल ईस्ट के तनाव के कारण स्पॉट गोल्ड की अंतरराष्ट्रीय कीमतें 1.9% बढ़कर 5,231.79 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई हैं और अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 2.7% की तेजी के साथ 5,242.10 डॉलर पर बंद हुए।
शहरों में देखें आज का नया रेट
स्थानीय सर्राफा बाजारों की बात करें तो दिल्ली और लखनऊ में आज 22 कैरेट सोने का भाव 1,40,010 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इसके विपरीत मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरू में कीमतें अधिक हैं, जहां सोना 1,48,860 रुपये पर बिक रहा है। पटना और जयपुर में यह भाव 1,40,910 रुपये के आसपास बना हुआ है। चांदी के मामले में दिल्ली में पिछले दो दिनों में 10,100 रुपये की भारी तेजी देखी गई है और आज यह 2,90,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है।
मुंबई और कोलकाता में भी यही रेट हैं, लेकिन चेन्नई में चांदी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3,00,100 रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। HDFC सिक्योरिटीज के विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर इंडेक्स में गिरावट और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड के कम होने से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है, जिससे आने वाले समय में फिर से रिकवरी की उम्मीद बनी हुई है।