Edited By Rohini Oberoi,Updated: 31 Aug, 2026 02:28 PM

लद्दाख पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपने अब तक के सबसे बड़े अभियान के तहत एक कथित तस्कर को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही ड्रग्स तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अन्य आरोपी की लग्जरी एसयूवी कार भी जब्त...
लेह : लद्दाख पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपने अब तक के सबसे बड़े अभियान के तहत एक कथित तस्कर को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही ड्रग्स तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अन्य आरोपी की लग्जरी एसयूवी कार भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई लद्दाख पुलिस के मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और पुलिस महानिदेशक आनंद जैन के 'नशा मुक्त अभियान' के तहत की गई है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लेह के रणबीरपोरा गांव निवासी जाहिद हुसैन को मादक पदार्थों और मन:प्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम (पीआईटी-एनडीपीएस) अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हुसैन के खिलाफ तैयार किए गए दस्तावेज में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में उसके बार-बार शामिल होने का उल्लेख किया है। प्रवक्ता ने बताया कि हुसैन को जेल में बंद कर दिया गया है। एक अन्य मामले में पुलिस ने सेरिंग नूरबो नामक व्यक्ति की एक एसयूवी गाड़ी जब्त की है।
नूरबो के खिलाफ हाल में लेह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि इस वाहन का कथित तौर पर मादक पदार्थों के परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जाता था।