Edited By Parveen Kumar,Updated: 31 Oct, 2026 09:12 PM

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पैन कार्ड धोखाधड़ी मामले में रामपुर जेल से बाहर आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खान (78) को जल्द ही धन शोधन निवारण अधिनियम...
नेशनल डेस्क : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पैन कार्ड धोखाधड़ी मामले में रामपुर जेल से बाहर आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खान (78) को जल्द ही धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां जांच एजेंसी उनकी हिरासत की मांग करेगी।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर दो पैन कार्ड रखने के मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी थी। खान को हिरासत में लिए जाने के दौरान केंद्रीय एजेंसी के लखनऊ जोन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवान मौजूद थे। इस दौरान आजम खान के समर्थक उनके समर्थन में नारे लगाते सुनाई दिए।
ईडी ने बुधवार को बताया था कि उसने धन शोधन रोधी कानून के तहत रामपुर स्थित आजम खान के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और इमारत को कुर्क कर लिया है। एजेंसी ने आजम खान और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ दर्ज 58 पुलिस प्राथमिकियों के आधार पर की गई है।