Edited By Anu Malhotra,Updated: 09 Feb, 2026 12:49 PM

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए लंबे इंतजार के बाद एक बड़ी खुशखबरी आई है। 8वें वेतन आयोग (8th CPC) ने अपनी कार्यप्रणाली को रफ्तार देते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है। इसके साथ ही सरकार ने एक लोकतांत्रिक पहल करते हुए अब सीधे उन...
नेशनल डेस्क: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए लंबे इंतजार के बाद एक बड़ी खुशखबरी आई है। 8वें वेतन आयोग (8th CPC) ने अपनी कार्यप्रणाली को रफ्तार देते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है। इसके साथ ही सरकार ने एक लोकतांत्रिक पहल करते हुए अब सीधे उन लोगों से सुझाव मांगे हैं, जिनके जीवन पर इस आयोग के फैसलों का असर पड़ेगा। अब वेतन, भत्ते और पेंशन से जुड़ी बारीकियों पर आपकी राय सरकार तक सीधे पहुंचेगी।
आपकी राय, आपकी पहचान गुप्त
इस पूरी प्रक्रिया के लिए आयोग ने 'MyGov' प्लेटफॉर्म का सहारा लिया है। यहां एक खास प्रश्नावली तैयार की गई है जिसमें 18 अहम सवाल पूछे गए हैं। सरकार का कहना है कि वे इस बार जमीनी हकीकत को समझना चाहते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि जो भी व्यक्ति अपने सुझाव देगा, उसका नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। आयोग केवल प्राप्त सुझावों के विश्लेषण पर ध्यान देगा।
वेबसाइट और आवेदन का तरीका
-आयोग की नई वेबसाइट 8cpc.gov.in अब पूरी तरह काम कर रही है।
-सुझाव देने के लिए आपको MyGov.in पोर्टल पर जाना होगा।
-यह अवसर केवल कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स, Union, राज्य सरकारों और रिसर्चर्स के लिए भी खुला है।
-ध्यान रखें कि ईमेल, चिट्ठी या PDF के जरिए भेजे गए विचार स्वीकार नहीं होंगे; केवल ऑनलाइन पोर्टल ही मान्य है।
16 मार्च तक का है समय
अगर आप भी अपनी बात आयोग के सामने रखना चाहते हैं, तो कैलेंडर में 16 मार्च 2026 की तारीख नोट कर लें। यह सुझाव भेजने का आखिरी दिन है। इसके बाद प्राप्त फीडबैक के आधार पर ही आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगा।
सैलरी और पेंशन में कितनी बढ़त की उम्मीद?
बाजार के जानकारों और पुराने आंकड़ों को देखें तो इस बार बड़ी उछाल की उम्मीद है। चर्चा है कि फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 2.28 से 2.86 के बीच ले जाया जा सकता है। इससे जो न्यूनतम वेतन अभी 18,000 रुपये है, वह बढ़कर 21,600 से लेकर 26,000 रुपये (कुछ दावों के मुताबिक इससे भी ज्यादा) तक पहुंच सकता है। पेंशनभोगियों की आय में भी 20 से 30 फीसदी तक के इजाफे की संभावना जताई जा रही है।
एरियर का लाभ और प्रभावी तारीख
भले ही अभी सुझावों का दौर चल रहा हो, लेकिन 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से ही प्रभावी मानी जाएंगी। इसका मतलब यह है कि अगर रिपोर्ट आने और लागू होने में देरी भी होती है, तो भी कर्मचारियों को घबराने की जरूरत नहीं है। 1 जनवरी 2026 से लेकर लागू होने के दिन तक का पूरा बढ़ा हुआ पैसा 'एरियर' के तौर पर एकमुश्त आपके खाते में आएगा।