Edited By Parveen Kumar,Updated: 10 Apr, 2026 06:26 PM

ईरान में सीजफायर के बाद आम लोगों के मन में उठ रहे सवाल- क्या अब एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो गई है- पर सरकार की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्थिति को लेकर ताजा अपडेट जारी...
नेशनल डेस्क : ईरान में सीजफायर के बाद आम लोगों के मन में उठ रहे सवाल—क्या अब एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो गई है- पर सरकार की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्थिति को लेकर ताजा अपडेट जारी करते हुए राहत भरी तस्वीर पेश की है।
रोजाना 1 लाख LPG सिलेंडर की बिक्री, सप्लाई सामान्य
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देशभर में एलपीजी की सप्लाई फिलहाल सामान्य बनी हुई है। सरकार रोजाना करीब 1 लाख सिलेंडर बेच रही है। मंत्रालय के मुताबिक, एलपीजी वितरकों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी तरह की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। खास बात यह है कि घरेलू LPG की 98% बुकिंग अब ऑनलाइन हो रही है, जिससे वितरण प्रक्रिया भी तेज और आसान हो गई है।
कमर्शियल LPG सप्लाई भी तेजी से पटरी पर
मंत्रालय ने जानकारी दी कि कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई लगभग 70% तक बहाल हो चुकी है। 14 मार्च से अब तक करीब 1.06 लाख टन एलपीजी की बिक्री हो चुकी है, जबकि रोजाना 6,000 से 6,500 टन तक की खपत दर्ज की जा रही है। यह संकेत देता है कि बाजार धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है।
5 किलो सिलेंडर पर बड़ा फैसला, बिना ID भी मिल रहा गैस
सरकार ने छोटे उपभोक्ताओं के लिए भी राहत का ऐलान किया है। पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को दोगुना कर दिया गया है और खास बात यह है कि इसे बिना आईडी के भी उपलब्ध कराया जा रहा है। रोजाना करीब 1 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा रहे हैं और 23 मार्च से अब तक 11 लाख सिलेंडर की बिक्री हो चुकी है।
PNG को बढ़ावा, सप्लाई बहाली पर फोकस
मंत्रालय ने बताया कि देशभर में 2400 से अधिक जागरूकता कैंप लगाए गए हैं, ताकि लोग पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के इस्तेमाल को अपनाएं। घरेलू उपयोग के लिए प्राकृतिक गैस को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, उद्योगों के लिए गैस सप्लाई लगभग 80% तक और उर्वरक क्षेत्र के लिए 95% तक बहाल हो चुकी है।