Edited By Parveen Kumar,Updated: 20 May, 2026 09:45 PM

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाकर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बुधवार को पलटवार करते हुए उन पर ''भारत से घृणा करने'' और मोदी के नेतृत्व में देश को मिले ''वैश्विक सम्मान'' को बर्दाश्त नहीं...
नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाकर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बुधवार को पलटवार करते हुए उन पर ''भारत से घृणा करने'' और मोदी के नेतृत्व में देश को मिले ''वैश्विक सम्मान'' को बर्दाश्त नहीं कर पाने का आरोप लगाया। गोयल की यह टिप्पणी तब आई है, जब राहुल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि देश में ''आर्थिक तूफान'' मंडरा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री ''इटली में टॉफिया बांटने में व्यस्त हैं।''
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें मोदी उन्हें टॉफी का पैकेट भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद राहुल ने 'एक्स' पर लिखा, ''आर्थिक तूफान सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, प्रधानमंत्री हंसकर रील बना रहे हैं और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं।''
गोयल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल को भारत की हर उपलब्धि पर आपत्ति है और मोदी के नेतृत्व में देश को मिल रही वैश्विक मान्यता उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रही है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''राहुल गांधी को भारत और 'मेड इन इंडिया' उत्पादों से इतनी घृणा क्यों है?'' केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि 'मेड इन इंडिया' और 'लोकल गोज ग्लोबल' जैसी पहल के माध्यम से देश दुनिया के ''विश्वसनीय गंतव्य'' के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा, ''देश वैश्विक स्तर पर जिस सम्मान, निवेश और विश्वास का दशकों से इंतजार कर रहा था, उसे भारत अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अर्जित कर रहा है। यही बात राहुल गांधी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।''
मेलोनी ने टॉफी भेंट करने के लिए मोदी का आभार जताया। इस हल्के-फुल्के पल ने दोनों नेताओं से जुड़े लोकप्रिय शब्द 'मेलोडी' को सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में ला दिया। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं, ''प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत ही अच्छी टॉफी लेकर आए हैं-मेलोडी।'' उन्होंने लिखा, ''इस उपहार के लिए आपको धन्यवाद।''