Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Jan, 2026 06:33 PM

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। शुक्रवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश और कड़ाके की ठंड का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। इसकी वजह एक ऐसा पश्चिमी विक्षोभ है, जिसे मौसम विशेषज्ञ सही मायनों में “तीव्र...
नेशनल डेस्क: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। शुक्रवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश और कड़ाके की ठंड का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। इसकी वजह एक ऐसा पश्चिमी विक्षोभ है, जिसे मौसम विशेषज्ञ सही मायनों में “तीव्र पश्चिमी विक्षोभ” बता रहे हैं। इसके असर से पहाड़ी राज्यों में हालात और भी ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 जनवरी की रात तक भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान- में आज देर रात से लेकर 23 जनवरी की शाम तक मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दिल्ली-NCR में पूरे दिन छाए रहेंगे बाद
मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी यानी शुक्रवार को दिल्ली-NCR में आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रहेगा। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के कारण तापमान में गिरावट आएगी और ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।
मौसम विभाग का कहना है कि इस तेज पश्चिमी विक्षोभ के कारण 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है। इतना ही नहीं, एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
मौजूदा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी की आशंका है। इसी दौरान पंजाब में बारिश होगी, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
इसके अलावा 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है। वहीं 25 और 26 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।