Edited By Rohini Oberoi,Updated: 04 Jan, 2026 09:37 AM

भारतीय रेल अब एक नए युग में प्रवेश कर रही है। अपनी रफ्तार और आधुनिकता के लिए मशहूर वंदे भारत एक्सप्रेस अब स्लीपर अवतार में पटरी पर उतरने को तैयार है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची जहां रेल मंत्री अश्विनी...
नेशनल डेस्क। भारतीय रेल अब एक नए युग में प्रवेश कर रही है। अपनी रफ्तार और आधुनिकता के लिए मशहूर वंदे भारत एक्सप्रेस अब स्लीपर अवतार में पटरी पर उतरने को तैयार है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची जहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद इसका बारीकी से निरीक्षण किया। यह ट्रेन लंबी दूरी की रात भर की यात्राओं को न केवल आरामदायक बनाएगी बल्कि यात्रियों को हवाई जहाज जैसा अनुभव भी देगी।

वंदे भारत स्लीपर की 5 बड़ी खूबियां
-
झटकों से मिलेगा छुटकारा: रेल मंत्री के अनुसार इस ट्रेन में एडवांस सस्पेंशन और विशेष ब्रेक सिस्टम लगाया गया है। इससे ट्रेन के शुरू होने या रुकने के समय यात्रियों को झटके महसूस नहीं होंगे।
-
मुफ्त RO पानी की सुविधा: ट्रेन में यात्रियों के लिए आरओ (RO) वाटर सिस्टम लगाया गया है। यहां से यात्री अपनी बोतलों में ठंडा और गर्म स्वच्छ पानी मुफ्त में भर सकेंगे।
-
स्मार्ट चार्जिंग और रीडिंग लाइट्स: अब चार्जिंग के लिए किसी और का इंतजार नहीं करना होगा। हर बर्थ पर अलग चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लाइट दी गई है ताकि आप दूसरों को परेशान किए बिना अपना काम कर सकें।
-
बेहतर सुरक्षा और सफाई: पूरी ट्रेन सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस है। कचरे के प्रबंधन के लिए गार्बेज कॉम्पैक्टर लगाए गए हैं जो कूड़े को खुद ही दबा देते हैं जिससे ट्रेन में गंदगी नहीं फैलेगी।
-
आसान सीढ़ियां: ट्रेन की बर्थ तक चढ़ने के लिए सीढ़ियों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बच्चे, बुजुर्ग और भारी वजन वाले लोग भी आसानी से ऊपर चढ़ सकें।

फर्स्ट एसी में खास प्राइवेसी
फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों की गोपनीयता (Privacy) का विशेष ध्यान रखा गया है। दरवाजों में ऐसी तकनीक है कि यात्री अंदर बैठे हुए ही बाहर खड़े व्यक्ति को देख सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन में 7 पैंट्री यूनिट्स होंगी जो 16 कोच के यात्रियों के लिए ताजा और गर्म खाना सुनिश्चित करेंगी।

गुवाहाटी से कोलकाता के बीच दौड़ेगी पहली ट्रेन
वंदे भारत स्लीपर का सफर सबसे पहले गुवाहाटी और कोलकाता के बीच शुरू होने की उम्मीद है। यह ट्रेन देर शाम रवाना होगी और अगली सुबह अपनी मंजिल पर पहुंच जाएगी। यह रूट न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि इससे पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।