Edited By Sahil Kumar,Updated: 06 Oct, 2026 02:35 PM

कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि 'वोट चोरी' और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों की एकजुटता कायम रहेगी और ''भारतीय झूठ पार्टी" की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
नई दिल्लीः कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि 'वोट चोरी' और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों की एकजुटता कायम रहेगी और ''भारतीय झूठ पार्टी" की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि निर्वाचन आयोग के खिलाफ निकाले गए विरोध मार्च में इंडिया गठबंधन के सांसद शामिल हुए और मार्च को निर्वाचन सदन के पास आकाशवाणी भवन के सामने रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद भी मार्च में शामिल हुए। रमेश ने दावा किया कि अन्य विपक्षी दल भी नैतिक रूप से इस मार्च के साथ थे और वे दल भी इसके साथ हैं जो फिलहाल कुछ समय के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, वोट चोरी हो या परिसीमन, प्रधानमंत्री-गृह मंत्री की जोड़ी के कुटिल मंसूबों को नाकाम करने के लिए विपक्ष की यह एकजुटता निश्चित रूप से कायम रहेगी।
उन्होंने कहा, भारतीय झूठ पार्टी की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के सामने रोक दिया, जिसके बाद कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए। फिर कई सांसदों को हिरासत में ले लिया गया।