Edited By Pardeep,Updated: 21 Mar, 2026 01:57 AM

झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई।
नेशनल डेस्कः झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पत्थलगड्डा अंचल अधिकारी उदल राम ने बताया कि बंदरचुआ गांव में शमा परवीन (35) महुआ फूल चुनने गई थीं, तभी बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में उनकी 12 वर्षीय बेटी और 55 वर्षीय भाभी घायल हो गईं। दोनों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में बिजली गिरने से जेहरा गांव में कल्याणी देवी (22) और पूनम देवी (25) नामक दो बहनों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वे दोनों घर के बाहर बैठी थीं और पास के पेड़ पर बिजली गिर गई। उन्होंने बताया कि पूनम देवी के पति संजय भुइयां भी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।