MP के बाद गुजरात में बड़ा हादसा: बांध में डूबा एक ही परिवार, पिता और दो बेटों समेत 3 की मौत, 1 अभी भी लापता

Edited By Updated: 02 May, 2026 09:56 PM

major accident three people including a father and two sons drowned in a dam

गुजरात के राजकोट जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ शनिवार दोपहर अजी बांध में डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य अभी भी लापता है।

राजकोट: गुजरात के राजकोट जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शनिवार दोपहर अजी बांध में डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य अभी भी लापता है। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब पूरा परिवार बांध के समीप स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए गया था।

अपनों को बचाने की कोशिश में उजड़ गया परिवार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की है। हादसे की शुरुआत तब हुई जब परिवार का 26 वर्षीय युवक रोहित जाधव पानी में उतरा और अचानक डूबने लगा। उसे संकट में देख उसका छोटा भाई धवल जाधव (18) और एक रिश्तेदार ध्रुव मकवाना (15) उसे बचाने के लिए पानी में कूदे, लेकिन वे दोनों भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। अपने बच्चों और रिश्तेदार को डूबता देख पिता भरत जाधव (42) ने भी उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन अफसोस कि वे भी खुद को नहीं बचा सके और डूब गए।

तीन शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने तुरंत शोर मचाया और अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेतल पटेल ने बताया कि अब तक भरत जाधव, धवल और ध्रुव के शव बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, रोहित जाधव अभी भी लापता है और उसकी तलाश के लिए बांध में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है। एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बरगी डैम हादसे में अब तक मरने वालों की संख्या हुई 11 
बता दें इससे पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। 30 अप्रैल की शाम हुए इस हादसे के 48 घंटे बाद रेस्क्यू टीम को दो और बच्चों के शव मिले हैं। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!