Edited By Sanjeev,Updated: 01 Nov, 2026 11:47 AM

तेलंगाना के हैदराबाद में खड़ी कारों से स्पेयर व्हील और रिम चुराने के आरोप में 23 साल के एक MBA छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 15 पहिए बरामद किए हैं जिनमें से 12 महिंद्रा थार गाड़ियों के हैं।
हैदराबाद : तेलंगाना के हैदराबाद में खड़ी कारों से स्पेयर व्हील और रिम चुराने के आरोप में 23 साल के एक MBA छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 15 पहिए बरामद किए हैं जिनमें से 12 महिंद्रा थार गाड़ियों के हैं। जांच तब शुरू हुई जब 20 अक्टूबर को रेथीबोवली के गैलेक्सी एन्क्लेव अपार्टमेंट के बाहर खड़ी एक महिंद्रा थार से स्पेयर व्हील चोरी होने की शिकायत मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति (जिसकी पहचान बाद में सोबान अली खान के रूप में हुई) स्कूटर पर आता, पहिया निकालता और वहां से चला जाता दिखाई दिया। फुटेज में वह अपने स्कूटर पर बैठा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता दिख रहा है। फिर वह नीचे उतरता है और एक काली थार के पास जाकर उसके पिछले हिस्से (टेलगेट) पर लगे स्पेयर टायर को निकालने की कोशिश करता है। हालांकि, जैसे ही उसे अपनी तरफ आता हुआ कोई दूसरा स्कूटर दिखता है, वह तुरंत अपने स्कूटर के पास वापस लौट जाता है। जैसे ही वह स्कूटर उसके पास से गुजरता है, वह फिर से थार के पास जाता है और स्टेपनी निकालने की कोशिश करता है। फिर किसी को देखकर वह वापस अपने स्कूटर के पास आ जाता है।
करीब एक मिनट तक वह अपने स्कूटर के पास खड़ा रहा और सड़क पर इधर-उधर देखता रहा। इसके बाद वह फिर से नीचे उतरता है, थार के पास जाता है, कुछ ही सेकंड में टायर निकाल लेता है और अपने स्कूटर पर सवार होकर भाग जाता है। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की और शनिवार को खान को गिरफ्तार कर लिया। खान गाड़ियों, खासकर महिंद्रा थार को अपना निशाना बनाता था और औजार हासिल करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाता था।
जांचकर्ताओं ने बताया, 'वह पंचर बनाने की दुकानों पर जाता था और कहता था कि उसे पंचर ठीक करने के लिए औजार चाहिए। इसके लिए वह 200 से 300 रुपए की रिफंडेबल डिपॉजिट (जमानत राशि) जमा कर देता था। गाड़ी से स्पेयर व्हील और रिम निकालने के बाद वह औजार वापस कर देता था और अपनी जमा की गई रकम वापस ले लेता था।' पुलिस ने आगे बताया कि वह स्पैनर की मदद से बहुत आसानी से स्टेपनी निकाल लेता था। आरोपी के पिता एक व्हील-अलाइनमेंट की दुकान पर काम करते हैं, जिस वजह से उसे स्पेयर व्हील्स की अच्छी जानकारी थी।
खान ने 10 अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के 11 मामलों में अपनी संलिप्तता कबूल की है, जिनमें अट्टापुर के दो मामले भी शामिल हैं। जिन स्टेशनों के नाम सामने आए हैं, उनमें फिल्म नगर, लंगर हाउस, गुडीमलकापुर, सैफबाद, चंद्रयानगुट्टा, चादरघाट, छतरीनाका, मीरपेट और नारायणगुडा शामिल हैं। उसके पास से फोर्ड एंडेवर के दो पहिए और फोर्ड इकोस्पोर्ट का एक पहिया भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि वे उसकी कस्टडी की मांग करेंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने चोरी कब शुरू की, क्या उससे और भी मामले जुड़े हैं और चोरी किए गए पहिए कहां बेचे गए। जांचकर्ता उन लोगों की भी जांच कर रहे हैं जिन्होंने कथित तौर पर ये पहिए खरीदे थे, और उस नेटवर्क का भी पता लगा रहे हैं जिसके जरिए इन्हें आगे बेचा गया।