Edited By Pardeep,Updated: 11 May, 2026 10:51 PM

केदारनाथ धाम की यात्रा से लौटते समय चलती ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई कानपुर की प्रज्ञा सिंह का रहस्य 6 दिन बाद आखिरकार सुलझ गया है। पूरे परिवार और रेलवे पुलिस की नींद उड़ा देने वाली प्रज्ञा को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया...
नेशनल डेस्कः केदारनाथ धाम की यात्रा से लौटते समय चलती ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई कानपुर की प्रज्ञा सिंह का रहस्य 6 दिन बाद आखिरकार सुलझ गया है। पूरे परिवार और रेलवे पुलिस की नींद उड़ा देने वाली प्रज्ञा को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस की जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उसने अपहरण और किसी अनहोनी की सभी आशंकाओं पर विराम लगा दिया है।
पति से विवाद बना लापता होने की वजह
पुलिस पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह मामला किसी अपराध का नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े का था। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से ट्रेन में सफर के दौरान प्रज्ञा का अपने पति मनीष अग्रहरि से किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया था। पति से इस कदर नाराज हुईं कि जब ट्रेन लक्सर के पास धीमी हुई, तो वह चुपचाप नीचे उतर गईं और अपनी मर्जी से दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार चली गईं।
नए नंबर से फोन कर परिजनों को दी जानकारी
प्रज्ञा के लापता होने के बाद से पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे। 6 दिनों तक कोई सुराग न मिलने से परिवार की सांसें अटकी हुई थीं। रहस्य तब सुलझा जब प्रज्ञा ने खुद एक नए नंबर से अपने परिजनों को फोन किया। पुलिस ने तुरंत उस नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो बेगूसराय (बिहार) की मिली, जिसके बाद उन्हें वहां से बरामद कर लिया गया।
पुलिस और परिवार ने ली राहत की सांस
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि महिला ने पति से नाराजगी के चलते खुद जाने की बात स्वीकार की है। प्रज्ञा के सुरक्षित मिलने के बाद उनके पति मनीष और कानपुर में रह रहे परिवार वालों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब प्रज्ञा को वापस लाने और उन्हें परिवार को सौंपने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।