Edited By Anu Malhotra,Updated: 02 Nov, 2026 08:44 AM

अगर आप अक्सर फ्लाइट से सफर करते हैं या छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। केंद्र सरकार ने विमान यात्रा को लेकर एक नया नियम जारी किया है, जिसके तहत अब एयरलाइन कंपनियों को अपने टिकट के दाम खुद तय करने की पूरी आजादी...
नई दिल्ली: अगर आप अक्सर फ्लाइट से सफर करते हैं या छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। केंद्र सरकार ने विमान यात्रा को लेकर एक नया नियम जारी किया है, जिसके तहत अब एयरलाइन कंपनियों को अपने टिकट के दाम खुद तय करने की पूरी आजादी मिलने जा रही है। आइए समझते हैं कि इस नए बदलाव का आपकी जेब और सफर पर क्या असर पड़ेगा।
कब से लागू होगा नया नियम?
सरकार ने भारतीय वायुसेना नियम 2026 (Indian Aircraft Rules) का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह नया नियम 1 जनवरी 2027 से पूरे देश में लागू हो जाएगा।
क्या है नया बदलाव?
नए नियमों के मुताबिक, सामान्य दिनों में एयरलाइंस कंपनियां अपनी संचालन लागत और बाजार की मांग के हिसाब से अपने टिकट के दाम खुद तय कर सकेंगी। सरकार अब सामान्य दिनों में किराए की कोई ऊपरी सीमा (Price Cap) तय नहीं करेगी, यानी एयरलाइंस अपनी मर्जी से किराए घटा या बढ़ा सकेंगी।
भले ही एयरलाइंस को अपने दाम तय करने की छूट मिल रही हो, लेकिन आम जनता के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार के पास विशेष अधिकार सुरक्षित रहेंगे। यदि देश में कोई आपातकालीन स्थिति, प्राकृतिक आपदा या कोई विशेष परिस्थिति पैदा होती है, तो सरकार तुरंत दखल देगी। ऐसे समय में यात्रियों से मनमाने दाम वसूलने से रोकने के लिए एयरलाइंस को सख्त निर्देश जारी किए जा सकेंगे।
अब नहीं चलेंगे छुपे हुए चार्जेस
किराए तय करने की छूट के साथ-साथ सरकार ने यात्रियों की सहूलियत के लिए पारदर्शिता का कड़ा नियम भी बनाया है। अब एयरलाइन कंपनियां ग्राहकों से कोई भी हिडन चार्ज नहीं वसूल सकेंगी। एयरलाइंस को अपने हर टिकट और किराए की पूरी जानकारी एविएशन रेगुलेटर (DGCA) को देनी होगी। कंपनियों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट का पूरा हिसाब सार्वजनिक करना होगा, जिसमें, मूल किराया- टैक्स और सरकारी फीस- टिकट रद्द करने पर लगने वाला शुल्क- रिफंड से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी.... अब टिकट बुक करते समय आपको एक-एक रुपये का हिसाब बिल्कुल साफ-साफ दिखाई देगा, जिससे आखिरी वक्त पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्कों से राहत मिलेगी।
आम आदमी पर इसका क्या असर होगा?
टिकट बुक करते समय पारदर्शिता होने से किसी भी तरह की धोखाधड़ी या अचानक लगने वाले शुल्कों से छुटकारा मिलेगा। आप अपनी जरूरत के अनुसार सही प्लान चुन सकेंगे।चूंकि सामान्य दिनों में किराए तय करने की पूरी छूट एयरलाइंस के पास होगी, इसलिए त्योहारी सीजन या छुट्टियों के दिनों में फ्लाइट के टिकट महंगे भी हो सकते हैं। 1 जनवरी 2027 से लागू होने वाले इन नए नियमों के बाद एयरलाइन इंडस्ट्री में किस तरह के बदलाव आते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।