Edited By Pardeep,Updated: 21 Aug, 2026 09:49 PM

निहाल विहार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी पार्क में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की उसके घर में पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विनय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी हत्या का आरोप उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर लगा है। सुलह करने...
दिल्ली: दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी पार्क में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की उसके घर में पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विनय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी हत्या का आरोप उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर लगा है। सुलह करने के नाम पर आए आरोपियों ने विनय की उसकी मां के सामने ही बेरहमी से जान ले ली।
सुलह के लिए आए थे ससुराल पक्ष के 6 लोग
सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय कुमार गुप्ता का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने के लिए शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विनय के ससुराल पक्ष के छह लोग उसके घर पहुंचे थे। उस समय विनय की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी घर में ही मौजूद थे।
पानी-नाश्ता लेने गई थी मां, पीछे से शुरू कर दी पिटाई
परिजनों के मुताबिक, विनय की मां घर आए ससुराल वालों के लिए पानी और नाश्ता लेने गई थीं। इसी दौरान कमरे में मौजूद लोगों ने कथित तौर पर विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विनय की मां अपने बेटे को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही और मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावरों ने उसकी पिटाई जारी रखी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, 4 साल पहले हुई थी शादी
हमले में गंभीर रूप से घायल विनय को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता के अनुसार, विनय नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही निहाल विहार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह और पूरे घटनाक्रम का पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।