Edited By Pardeep,Updated: 07 Feb, 2026 12:18 AM

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 30 साल की युवती बरखा ने अपने घर की ऊपरी मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नेशनल डेस्कः ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 30 साल की युवती बरखा ने अपने घर की ऊपरी मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों ने गिरने की तेज आवाज सुनी तो तुरंत बाहर दौड़े और गंभीर हालत में पड़ी बरखा को उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बरखा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। उसमें उसने लिखा था— “महादेव, अब मेरी जिंदगी में बचा ही क्या है? मैं अब जीना नहीं चाहती। मेरी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।”
एसीपी सेंट्रल जोन राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका की पहचान बरखा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जौनपुर जिले के खोजी गांव की रहने वाली थी, लेकिन बचपन से ही अपनी नानी के साथ जलपुरा गांव में रह रही थी। जब वह बहुत छोटी थी, तभी उसकी मां का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह नानी के साथ रहती थी।
पुलिस के अनुसार, बरखा मेकअप आर्टिस्ट बनना चाहती थी और इसके लिए तैयारी भी कर रही थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि मां के निधन के बाद से वह अक्सर तनाव में रहती थी। हालांकि, आत्महत्या के पुख्ता कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।