Himachal Alert: नए साल पर हिमाचल जाने वाले हो जाएं सावधान, इन जगहों पर बारिश-बर्फबारी... जानें पूरा अपडेट

Edited By Updated: 28 Dec, 2025 07:39 PM

those planning to travel to himachal pradesh for the new year should be cautious

सूखे जैसे हालात से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में अब घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार को शिमला और ऊना में घने कोहरे का असर साफ नजर आया, जब वंदे भारत समेत...

नेशनल डेस्क: सूखे जैसे हालात से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में अब घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार को शिमला और ऊना में घने कोहरे का असर साफ नजर आया, जब वंदे भारत समेत कई ट्रेनें तय समय से देरी से पहुंचीं। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में 31 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंडी और बिलासपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नवंबर के बाद दिसंबर में भी अब तक प्रदेश में बारिश नहीं हुई है, हालांकि नए साल पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और हिमपात के आसार हैं। वहीं, बिलासपुर में भाखड़ा जलाशय के आसपास और मंडी की बल्ह घाटी में कोहरा सबसे अधिक प्रभावी रहने की चेतावनी दी गई है।

कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। शनिवार को कालका से शिमला आने वाली दिल्ली शताब्दी और हिमालयन क्वीन ट्रेनें 20 से 30 मिनट की देरी से पहुंचीं। वहीं, दिल्ली और अन्य राज्यों से ऊना आने वाली सभी ट्रेनें कोहरे से प्रभावित रहीं। हिमाचल एक्सप्रेस करीब 2 घंटे 10 मिनट, इंदौर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 2 घंटे 27 मिनट, वंदे भारत एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटा, गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस 53 मिनट और हरिद्वार पैसेंजर 50 मिनट की देरी से ऊना पहुंची।

लंबे समय से बारिश न होने के कारण हिमाचल में रबी की फसल पर भी संकट गहराने लगा है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान माइनस 4 से माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में कोहरा

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर तक हिमालयी क्षेत्रों में मौसम ने करवट ली है। कश्मीर और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर जनजीवन पर भारी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के 18 जिलों समेत देश के 30 से अधिक जिलों में शनिवार सुबह कई जगह दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पंजाब के अमृतसर और जालंधर, तथा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कुशीनगर, शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ़ और मुरादाबाद में बहुत घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता शून्य दर्ज की गई। हरदोई, बहराइच, बलिया और वाराणसी सहित कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर से नीचे रही। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

Related Story

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!