Edited By Rohini Oberoi,Updated: 03 Apr, 2026 11:04 AM

अप्रैल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में कुदरत का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां बांदा और प्रयागराज जैसे शहरों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग (IMD) ने भारी तबाही की चेतावनी जारी की है। 3 से 9...
Delhi NCR Rain and Thunderstorm Forecast : अप्रैल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में कुदरत का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां बांदा और प्रयागराज जैसे शहरों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग (IMD) ने भारी तबाही की चेतावनी जारी की है। 3 से 9 अप्रैल के बीच दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा और राजस्थान में आफत वाली बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) का अलर्ट जारी किया गया है।
Western Disturbance लाएगा तबाही
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसके प्रभाव से हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिल्ली-NCR: इन इलाकों में बरसेगा पानी
राजधानी में 3 और 4 अप्रैल को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की उम्मीद है। ITO, लक्ष्मीनगर, आनंद विहार, लाजपत नगर, अक्षरधाम और कालकाजी जैसे इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। धूल भरी आंधी के कारण विजिबिलिटी भी कम रहने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश: 18 जिलों में ओले गिरने का डर
यूपी में शुक्रवार से ही मौसम का मिजाज बदल जाएगा। लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक बारिश का दौर पश्चिमी यूपी से शुरू होकर शनिवार तक पूर्वी यूपी में फैल जाएगा। सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत और आगरा समेत 18 जिलों में बारिश और 11 जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई गई है। बीते गुरुवार बांदा (41°C) और प्रयागराज (40°C) सबसे गर्म रहे लेकिन अब बारिश से तापमान में गिरावट आएगी।
बिहार और राजस्थान का हाल
बिहार: 5 से 8 अप्रैल के बीच पटना, गया, मुजफ्फरपुर और चंपारण समेत कई जिलों में बादलों का डेरा रहेगा और झमाझम बारिश होगी।
राजस्थान: जयपुर, अजमेर, जैसलमेर और जोधपुर जैसे रेतीले इलाकों में 3-4 अप्रैल को तेज धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी है।

पंजाब-हरियाणा में भारी बारिश
हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत और कुरुक्षेत्र में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। वहीं पंजाब के लुधियाना, अमृतसर और जालंधर में भी तेज बारिश का अलर्ट है जिससे कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
किसानों के लिए सलाह
IMD ने किसानों को अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने और ओलावृष्टि के दौरान खेतों में न जाने की सलाह दी है।