Edited By Sahil Kumar,Updated: 25 Mar, 2026 03:18 PM

वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले ने हाल ही में केरल के कोच्चि में अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी की। शादी के बाद उन्होंने फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा पर आरोप लगाए कि उन्होंने उन्हें फिल्म के दौरान गलत तरीके से छुआ, जबकि परिवार ने भी...
नेशनल डेस्कः वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले ने शादी के बाद फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म के दौरान उन्हें अनुचित तरीके से छुआ, जबकि उनके परिवार ने भी उनका साथ नहीं दिया। शादी के कुछ ही दिन बाद मोनालिसा ने कोच्चि में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने निजी जीवन और न्याय की मांग को सार्वजनिक किया।
मोनालिसा ने लगाया आरोप
मोनालिसा ने कहा कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने उनके साथ फिल्मांकन के दौरान अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा ने उन्हें कई बार गलत तरीके से छुआ, जबकि जब उन्होंने इस बारे में अपने परिवार को बताया, तो किसी ने उनका साथ नहीं दिया। मोनालिसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए। मेरे साथ अन्याय हुआ है। परिवार ने कहा कि यह आपकी पहली फिल्म है, क्या पहली मूवी के लिए मुझसे रेप करवाओगे?"
वहीं, आरोपों के बाद सनोज मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनके खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ बयान देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा मोनालिसा को अपनी बहन मानता रहा हूं। अचानक यह बदलाव कैसे आया, मुझे समझ नहीं आता।"
मोनालिसा ने अपनी शादी के पीछे के कारणों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता उनकी शादी अपनी बुआ के बेटे से करवाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा, "जिससे पापा शादी करना चाहते थे, वह तो मेरा भाई था, मैं उससे शादी कैसे कर सकती थी।" मोनालिसा ने यह भी बताया कि उनके पति फरमान शुरुआत में शादी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने पहल कर उन्हें शादी के लिए राज़ी किया। मोनालिसा ने स्पष्ट किया कि शादी के बाद भी वे अपने नाम मोनालिसा भोसले के रूप में जानी जाएँगी।
मोनालिसा के पिता ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि उन्हें उनकी बेटी की सुरक्षा की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को बहलाकर कहीं ले जाया गया। पिता ने कहा, "हम सिर्फ अपनी बेटी को सुरक्षित देखना चाहते हैं। हमें डर है कि कहीं उसे नुकसान न पहुंचे।"