Edited By Tanuja,Updated: 14 Sep, 2026 06:06 PM

सोशल मीडिया पर एक विदेशी शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भगवान हनुमान की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर हनुमान चालीसा का पाठ करता दिखाई दे रहा है। उसके भक्ति भाव ने लोगों का ध्यान खींचा है। यूजर्स इसे भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की वैश्विक पहुंच...
Washington: भारत की योग, ध्यान, संगीत और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति विदेशियों की रुचि के वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर देखने को मिलते हैं। लेकिन भगवान हनुमान की तस्वीर के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करते एक विदेशी शख्स का वीडियो खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। आस्था की कोई सीमा नहीं होती और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो इसी बात की खूबसूरत मिसाल पेश कर रहा है। वीडियो में एक विदेशी शख्स जो, अमेरिका का बताया जा रहा है, भगवान बजरंगबली की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर बैठा दिखाई दे रहा है और श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर रहा है। उसके भक्ति भाव ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया है और लोग इस वीडियो को तेजी से साझा कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में सोशल मीडिया पर “Neurodivergent Nick” के नाम से प्रसिद्ध यह विदेशी शख्स एक कमरे में बैठा नजर आता है। उसके पीछे दीवार पर भगवान हनुमान की तस्वीर लगी हुई है। वह तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर बैठा है और पूरे ध्यान के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करता दिखाई देता है।वीडियो में उसके चेहरे के भाव भी खास नजर आते हैं। वह पूरी तरह शांत और एकाग्र दिखाई देता है। कैमरे के सामने उसका अंदाज सहज नजर आता है, यही वजह है कि वीडियो देखने वाले लोग उसकी भक्ति से प्रभावित हो रहे हैं।वायरल पोस्टों में इस व्यक्ति को ‘Neurodivergent Nick’ बताया जा रहा है। उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी के मुताबिक यह नाम Nick Pagano से जुड़ा है।
इस वीडियो से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट में इस विदेशी व्यक्ति ने नीमकरोली बाबा की तस्वीर को दिखाते हुए उनके प्रति अपने भाव प्रकट करते हुए गुरु और आध्यात्मिक मार्गदर्शन को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। उसने नीम करोली बाबा को साक्षात हनुमान जी का अवतार बताते हुए गुरु को अपने जीवन में बेहद महत्वपूर्ण बताया और कहा कि गुरु किसी भी रूप में हो सकते हैं, यदि हम उन्हें ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग मानें। उसने ईसा मसीह, बुद्ध और मोहम्मद को भी गुरु के रूप में देखने की बात कही। उसके मुताबिक आध्यात्मिक गुरु मनुष्य को अपने अंतिम लक्ष्य तक पहुंचने के लिए मार्ग दिखाने वाले सेतु की तरह होते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे आस्था और भक्ति की खूबसूरत तस्वीर बताया। कुछ लोगों ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ जैसे कमेंट किए। कई यूजर्स का कहना है कि भगवान के प्रति श्रद्धा किसी देश या धर्म की सीमा में बंधी नहीं होती। विदेशी शख्स का भारतीय धार्मिक परंपरा से जुड़ाव देखकर लोग इसे आध्यात्मिक संस्कृति की वैश्विक पहुंच से जोड़ रहे हैं।